Report: Amresh Kumar
जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तुलापट्टी वार्ड संख्या–04 स्थित नुनयारी टोला में शुक्रवार को आपसी रंजिश में हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। इस घटना में 40 वर्षीय शिवकुमार महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों व स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवकुमार महतो को दाहिने कंधे में गोली लगी है। अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि गोली कंधे को छूते हुए अंदर फंसी है या पार हो गई है, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल घायल की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक, घटना की जड़ गुरुवार को बच्चों के बीच खेल के दौरान हुए मामूली विवाद से जुड़ी है। इस विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने बाहरी लोगों को बुलाकर पहले मारपीट की और बाद में गोली चला दी। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। सदर डीएसपी अस्पताल पहुंचकर घायल और उनके परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।







