सुपौल: महाशिवरात्रि पर बाबा भीमशंकर मंदिर में निकली भव्य शिव बारात, शिव-पार्वती विवाह संपन्न, एसडीएम-डीएसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

Report: A.K Chaudhary

महाशिवरात्रि के अवसर पर जिले के प्रसिद्ध बाबा भीमशंकर मंदिर, धरहारा में रविवार की रात शिव बारात धूमधाम और भव्य के साथ निकाली गई।

बारात का शुभारंभ गणपतगंज बाजार स्थित राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी से गाजे-बाजे के साथ हुआ। श्रद्धालु नाचते-झूमते हुए बारात के साथ गणपतगंज बाजार और धरहारा होते हुए मंदिर परिसर तक पहुंचे। पूरे मार्ग में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

मंदिर परिसर पहुंचने के बाद विधि-विधान के साथ भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती का विवाह संपन्न कराया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही और लोगों ने पूरे आयोजन का आनंद लिया। वर्षों बाद इतनी भव्य शिव बारात निकाले जाने से क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। वीरपुर एसडीएम सह मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष नीरज कुमार एवं डीएसपी सुरेंद्र कुमार मंदिर परिसर पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया।

एसडीएम नीरज कुमार ने बताया कि मंदिर परिसर के सभी प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। उन्होंने कहा कि अगले दिन जलढरी के अवसर पर भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

वहीं मंदिर न्यास समिति के सचिव संजीव यादव ने कहा कि कई वर्षों के बाद इतनी भव्य शिव बारात निकाली गई है, जिससे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

महाशिवरात्रि के इस आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूती दी, बल्कि क्षेत्र में सामूहिक उत्साह और श्रद्धा का अनूठा उदाहरण भी प्रस्तुत किया।

Leave a Comment

[democracy id="1"]