Report: A.K Chaudhary
मैट्रिक परीक्षा 2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर सुपौल प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इस क्रम में सोमवार को डीएम सावन कुमार एवं एसपी शरथ आरएस ने मध्य विद्यालय खरैल, पुनर्वास में 17 फरवरी से आयोजित होने वाली परीक्षा के मद्देनजर परीक्षा केंद्र का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने केंद्र पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की तथा पेयजल व्यवस्था, शौचालय की स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति और परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था का भी अवलोकन किया।
डीएम सावन कुमार ने केंद्राधीक्षक को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
वहीं एसपी शरथ आरएस ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने परीक्षा अवधि के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि कदाचारमुक्त परीक्षा संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने केंद्र के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं लगने देने तथा असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश भी दिया।







