सुपौल: बाबा भीमशंकर मंदिर में जलढरी पर उमड़ा भक्तों का सैलाब, डेढ़ लाख श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक, चप्पे चप्पे पर प्रशासन मुस्तैद

Report: A.K Chaudhary

महाशिवरात्रि के उपरांत जलढरी के अवसर पर सोमवार को सुपौल जिला के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत गणपतगंज–धरहरा स्थित प्रसिद्ध बाबा भीमशंकर मंदिर में आस्था का अभूतपूर्व नजारा देखने को मिला। तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब मंदिर की ओर उमड़ पड़ा और पूरा क्षेत्र शिवभक्ति में डूबा नजर आया। लाखों श्रद्धालु जलढरी के अवसर पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचे, जिससे मंदिर परिसर के साथ-साथ आसपास के मार्ग भी भक्तों की भीड़ से भर गए। “हर-हर महादेव” के गगनभेदी जयघोष और घंटों की ध्वनि से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।

जलाभिषेक करते श्रद्धालु

सुबह 4 बजे खुला मंदिर का पट

जलढरी को लेकर मंदिर प्रशासन ने पहले से ही विशेष तैयारियां कर रखी थीं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर के पट प्रातः 4 बजे खोल दिए गए। पट खुलते ही कतारबद्ध श्रद्धालुओं का प्रवेश प्रारंभ हुआ और जलाभिषेक का क्रम देर शाम तक जारी रहा। श्रद्धालु गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, पुष्प और अन्य पूजन सामग्री के साथ बाबा का अभिषेक करते नजर आए। सुबह से शाम 4 बजे तक मंदिर परिसर पूरी तरह भरा रहा और करीब डेढ़ लाख श्रद्धालुओं ने जल अर्पित किया।

शिवगंगा तक लगी कतार

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर कमिटी, स्वयंसेवकों और प्रशासन ने संयुक्त रूप से व्यवस्थाओं को संभाला। मुख्य मार्गों समेत सभी संपर्क सड़कों पर बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया था, ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गईं और समय-समय पर उद्घोषणा के माध्यम से दिशा-निर्देश दिए जाते रहे।

मंदिर पर मुस्तैद प्रशासन व पुलिस

प्रशासन रहा मुस्तैद

सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रशासन पूरी तरह चौकस दिखा। एसडीएम सह मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष नीरज कुमार और डीएसपी सुरेंद्र कुमार लगातार व्यवस्था की मॉनिटरिंग करते रहे। इसके अलावा इंस्पेक्टर राजेश चौधरी, बीडीओ सत्येंद्र कुमार, सीओ रश्मि प्रिया तथा राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय सहित तैनात मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारी अपने दल-बल के साथ चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे। महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की अलग-अलग ड्यूटी लगाई गई थी और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त बल भी तैयार रखा गया था।

गणपतगंज बाजार में प्रवेश द्वार पर मुस्तैद पुलिस

श्रद्धालुओं ने मांगी मनोकामनाएं

स्थानीय लोगों के अनुसार जलढरी के दिन भगवान शिव को जल अर्पित करने की विशेष धार्मिक मान्यता है। श्रद्धालु मानते हैं कि इस दिन सच्चे मन से पूजा करने पर मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यही कारण है कि हर वर्ष इस अवसर पर यहां श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या जुटती है। इस बार भी आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ, जिससे श्रद्धालुओं ने प्रशासन और मंदिर कमिटी की व्यवस्थाओं की सराहना की।

मंदिर परिसर में लगी भीड़

बाबा भीमशंकर मंदिर में उमड़ी अपार भीड़ ने यह स्पष्ट कर दिया कि क्षेत्र में भगवान शिव के प्रति लोगों की आस्था कितनी गहरी है। दिनभर चले जलाभिषेक, भक्तिमय माहौल और अनुशासित व्यवस्था ने पूरे क्षेत्र को शिवमय बना दिया तथा जलढरी का यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बना रहा।

Leave a Comment

[democracy id="1"]