Report: A.K Chaudhary
जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के मझौआ चौक के पास NH 27 पर शनिवार की संध्या करीब 4 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ट्रक (UP21CN8870) और मोटरसाइकिल (BR50AJ7408) की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने NH को जाम कर विरोध जताया।
बताया मोटरसाइकिल पर सवार दोनों युवक सिमराही से अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही ट्रक ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे में एक युवक को करीब 200 मीटर तक घसीटता रहा। हादसे के बाद ट्रक चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
हादसे में मृतक की पहचान प्रतापगंज थाना क्षेत्र के श्रीपुर वार्ड 7 निवासी बैद्यनाथ झा के 22 वर्षीय पुत्र बिट्टू झा तथा घायल की पहचान श्रीपुर वार्ड 7 ही निवासी मिश्रान्दन झा के 30 वर्षीय पुत्र विकास कुमार झा के रूप में हुई। बताया गया को दोनों युवक चचेरा भाई है। मृतक तीन बहनों में अकेला भाई था।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल को तुरंत रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया। यहां चिकित्सक डॉ दीपक गुप्ता ने प्राथमिक उपचार किया और बताया कि घायल के सिर व बाएं हाथ में गंभीर चोटें हैं। बेहतर इलाज के लिए उसे आगे सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद मृतक के घर में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-27 को करीब दो घंटे तक जाम कर दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि सड़क पर चल रहे मरम्मत कार्य के कारण मार्ग को वन-वे कर दिया गया है, जिससे दुर्घटना हुई। ग्रामीणों ने इसके लिए NHAI की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। ट्रक को जब्त कर लिया गया है। आगे की आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।







