Report: A.K Chaudhary
सुपौल अग्निकांड: सुपौल नगर परिषद क्षेत्र के बलवा पुनर्वास स्थित गजना चौक, वार्ड संख्या 1 में रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि करीब 2:30 बजे अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग सबसे पहले प्रमोद पासवान के घर में लगी, जहां से तेज लपटें उठने लगीं। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पास-पड़ोस के तीन से चार घर भी इसकी चपेट में आ गए और कुछ ही समय में सब कुछ जलकर राख हो गया।

स्थानीय लोगों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
मलबे से मां-बेटी के शव बरामद
आग बुझने के बाद जब मलबा हटाया गया तो अंदर का दृश्य बेहद दर्दनाक था। घर में सो रही महिला नीलम देवी और उनकी लगभग चार वर्षीय पुत्री अंजलि का जला हुआ शव बरामद किया गया। इस घटना से पूरे मोहल्ले में मातम पसर गया।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
मायके आई थीं नीलम देवी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नीलम देवी मूल रूप से सहरसा जिले के आरान बिशनपुर गांव की रहने वाली थीं और अपने मायके बलवा पुनर्वास स्थित पिता प्रमोद पासवान के घर आई हुई थीं। बताया जा रहा है कि उनका विवाह पिंटू यादव से प्रेम विवाह के रूप में हुआ था।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी हर पहलू से जांच में जुटे हैं। शॉर्ट सर्किट या अन्य किसी कारण से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।







