सुपौल: रहठा में युवती हत्याकांड, पप्पू यादव पीड़ित परिवार से मिले, दोषियों की गिरफ्तारी और थानाध्यक्ष के निलंबन की मांग

त्रिवेणीगंज के रहठा गांव में शादी समारोह के दौरान 18 वर्षीय युवती की हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने गांव पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Report: A.K Chaudhary

पप्पू यादव मंगलवार को सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के रहठा गांव पहुंचे, जहां रविवार की रात 18 वर्षीय युवती की निर्मम हत्या कर दी गई थी। पूर्णिया सांसद ने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढ़स बंधाया और घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने मौके से ही सुपौल के एसपी और डीआईजी से फोन पर बातचीत कर दोषियों के खिलाफ अविलंब सख्त कार्रवाई की मांग की।

सांसद पप्पू यादव ने कहा कि यह बेहद गंभीर और समाज को झकझोर देने वाली घटना है। उन्होंने कहा, “शादी जैसे खुशियों के माहौल में मेहंदी की रस्म में शामिल होने के बाद एक बच्ची को अगवा कर उसकी हत्या कर देना बेहद शर्मनाक और डरावना है। इससे साफ है कि हमारी बेटियां असुरक्षित हो गई हैं। सरकार बच्चियों को बचाइए।”

उन्होंने आरोप लगाया कि त्रिवेणीगंज के थानाध्यक्ष द्वारा पीड़ित परिवार के साथ असहयोगपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है, जिससे परिजनों में आक्रोश व्याप्त है। पप्पू यादव ने थानाध्यक्ष को तत्काल निलंबित करने की भी मांग की।

बताया जा रहा है कि रविवार की रात रहठा गांव में एक शादी समारोह आयोजित था। युवती अपने ननिहाल आई हुई थी और मेहंदी की रस्म में शामिल हुई थी। रस्म के बाद वह गांव में चापाकल पर हाथ धोने गई, जहां से कुछ असामाजिक तत्वों ने उसे गलत नीयत से अगवा कर लिया। आरोप है कि उसे बांसबाड़ी में ले जाकर उसकी हत्या कर दी गई और बाद में शव को फंदे से लटका दिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

सांसद पप्पू यादव ने कहा कि ऐसे जघन्य अपराध में पुलिस प्रशासन को संवेदनशीलता और तत्परता दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा कि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन गांव में अब भी तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग प्रशासन से शीघ्र न्याय की मांग कर रहे हैं।

Leave a Comment

[democracy id="1"]

विजय कुमार सिन्हा का बड़ा बयान: खान-पान पर कोई प्रतिबंध नहीं, लेकिन शहरी इलाकों में स्कूलों-धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों के पास खुले मांस-मछली बिक्री पर सख्ती, लाइसेंस अनिवार्य

विजय कुमार सिन्हा का बड़ा बयान: खान-पान पर कोई प्रतिबंध नहीं, लेकिन शहरी इलाकों में स्कूलों-धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों के पास खुले मांस-मछली बिक्री पर सख्ती, लाइसेंस अनिवार्य