Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के सिमराही करजाईन मेन रोड स्थित बिमल बाबू स्मारक स्थल पर वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रतिष्ठित व्यवसायी स्वर्गीय बिमल कुमार महतो की आठवीं पुण्यतिथि गुरुवार को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर एक भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उनकी प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया।

कार्यक्रम में सुपौल लोकसभा क्षेत्र के सांसद दिलेश्वर कामत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ मधुबनी जिले के वैश्य सभा अध्यक्ष दौरिक पुर्वे सहित कई गणमान्य लोग समारोह में शामिल हुए। सभी अतिथियों ने स्वर्गीय बिमल बाबू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्व. बिमल कुमार महतो के पुत्र विकास आनंद ने इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने अपने पिता के पुराने मित्रों और शुभचिंतकों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया। उनके इस प्रयास का परिणाम रहा कि विभिन्न स्थानों से आए बिमल बाबू के पुराने साथी बड़ी संख्या में समारोह में उपस्थित हुए और अपने दिवंगत मित्र को श्रद्धा सुमन अर्पित किया।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए सांसद दिलेश्वर कामत ने कहा कि बिमल बाबू न केवल एक निर्भीक पत्रकार थे, बल्कि समाज के हर वर्ग के हितैषी भी थे। उन्होंने अपने जीवनकाल में पत्रकारिता के माध्यम से सामाजिक मुद्दों को प्रमुखता से उठाया और जनहित में लगातार कार्य किया। उनके योगदान को समाज कभी नहीं भूल सकता।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी संस्थान के स्थानीय सेवा केंद्र की प्रभारी राजयोगिनी बविता दीदी, सुमन बहन, सुहानी बहन, मंजू देवी तथा ब्रह्माकुमार किशोर भाईजी ने भी आध्यात्मिक श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने संयुक्त रूप से प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर कमल यादव, बैजनाथ प्रसाद भगत, काशी प्रसाद गुप्ता, बिंदी प्रसाद गुप्ता, रामेश्वर पांडे, सहदेव चौधरी, सीताराम गुप्ता, पत्रकार अरुण जायसवाल, डॉ. अजय कुमार झा, महेंद्र प्रसाद गुप्ता सहित कई पुराने मित्र भावुक नजर आए। कार्यक्रम में सिमराही और आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए।
पुण्यतिथि के अवसर पर स्वर्गीय बिमल कुमार महतो की पत्नी मंजू देवी और परिवार के अन्य सदस्यों ने सामाजिक सरोकार निभाते हुए आसपास की सैकड़ों महिलाओं के बीच साड़ी तथा पुरुषों को बाल्टी-मग का वितरण किया। इससे कार्यक्रम में मानवीय संवेदना और सेवा भावना की झलक देखने को मिली।
समारोह में उमाशंकर भगत, मित्तन यादव, नूर आलम, महेश जोशी, दिलीप पुर्वे, चंदू दास, कामेश्वर प्रसाद यादव, रामस्वरूप यादव, विजय महतो, प्रताप मंडल, राजीव गुप्ता, मयंक गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। पूरा वातावरण श्रद्धा, सम्मान और स्मृतियों से भावुक बना रहा।







