Report: A.K Chaudhary
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर फिट इंडिया मूवमेंट के तहत 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) बीरपुर के द्वारा शनिवार को 5 किलोमीटर दौड़ प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन 45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह के कुशल मार्गदर्शन और नेतृत्व में किया गया।

इस अवसर पर सीमावर्ती क्षेत्रों की बड़ी संख्या में लड़कियों और एसएसबी की महिला जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और युवतियों को फिटनेस, खेल और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना तथा नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देना था।

दौड़ प्रतियोगिता के बाद कमांडेंट गौरव सिंह ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए महिलाओं और लड़कियों के विकास में खेल और फिटनेस की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और मजबूत आत्मविश्वास के माध्यम से महिलाएं समाज में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकती हैं।
कार्यक्रम के अंत में कमांडेंट ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों की सराहना की।
45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल बीरपुर सीमावर्ती क्षेत्रों में राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए भी लगातार कार्य कर रही है। बल की ओर से समय-समय पर ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनका उद्देश्य समाज में जागरूकता बढ़ाना और विशेष रूप से महिलाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयास जारी रहेंगे।







