समृद्धि यात्रा पर कल निर्मली आएंगे CM नीतीश कुमार, सुपौल को 569 करोड़ की 213 योजनाओं की देंगे सौगात

समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 10 मार्च को निर्मली पहुंचेंगे। इस दौरान सुपौल जिले को करीब 569 करोड़ रुपये की 213 विकास योजनाओं की सौगात देंगे और जनसंवाद के साथ जिला स्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे।

Report: A.K Chaudhary

बिहार में चल रही राजनीतिक हलचल के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 10 मार्च को अपनी समृद्धि यात्रा के तहत सुपौल जिले के निर्मली पहुंचेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री राज्य सरकार द्वारा संचालित विकास योजनाओं और परियोजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लेंगे। साथ ही अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे और आम लोगों से सीधे संवाद भी करेंगे।

मुख्यमंत्री के इस दौरे के दौरान सुपौल जिले को विकास योजनाओं की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री 43446.90 लाख रुपये की 84 योजनाओं का शिलान्यास तथा 13489.87 लाख रुपये की 129 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इन योजनाओं के माध्यम से जिले में आधारभूत संरचना, जनकल्याण और विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था, कार्यक्रम स्थल की तैयारी और प्रशासनिक समन्वय को लेकर अधिकारी लगातार बैठक कर रहे हैं, ताकि कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।

मुख्यमंत्री का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सुबह 10:45 बजे निर्मली अनुमंडल कार्यालय के सामने बने हेलीपैड पर उतरेगा। इसके बाद 10:50 बजे वे सिपाही चौक स्थित रिंग बांध के लिए प्रस्थान करेंगे। 11:00 बजे सिपाही चौक के समीप रिंग बांध के जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद 11:05 बजे वे निर्मली अनुमंडल कार्यालय परिसर में लगाए गए विभिन्न विकास योजनाओं से संबंधित स्टॉल के निरीक्षण के लिए प्रस्थान करेंगे। 11:10 बजे मुख्यमंत्री स्टॉल का निरीक्षण करेंगे, विभिन्न हितग्राहियों से संवाद करेंगे तथा जिले से जुड़ी विकास योजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन कार्यक्रम में भाग लेंगे।

इसके बाद 11:40 बजे वे निर्मली अनुमंडल कार्यालय परिसर में बने सभागार के लिए रवाना होंगे। 11:42 बजे सभागार में पहुंचकर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में हिस्सा लेंगे और अधिकारियों से विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेंगे। बैठक के बाद 12:20 बजे वे जनसंवाद कार्यक्रम के लिए अनुमंडल कार्यालय परिसर में बने मंच की ओर प्रस्थान करेंगे। 12:22 बजे मुख्यमंत्री आमसभा को संबोधित करेंगे और जनता से सीधे संवाद करेंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोपहर 1:20 बजे वे सभा स्थल से हेलीपैड के लिए प्रस्थान करेंगे और 1:22 बजे निर्मली से हेलीकॉप्टर के माध्यम से मधेपुरा के लिए रवाना हो जाएंगे।

मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। प्रशासन का मानना है कि समृद्धि यात्रा के माध्यम से विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ-साथ जनता की समस्याओं को भी सीधे तौर पर सुना जाएगा, जिससे जिले के विकास कार्यों को और गति मिलेगी।

Leave a Comment