Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही बाजार स्थित एनएच-27 पर गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार गर्भवती महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि महिला के गर्भ में पल रहे शिशु की भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में मृतक महिला की पहचान ललितग्राम थाना क्षेत्र के टेंगरी वार्ड संख्या-3 निवासी राजेश सिंह की 22 वर्षीय पत्नी संगीता कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संगीता कुमारी अपने ससुर और बहन के साथ मोटरसाइकिल (नंबर BR 01 CS 6017) से राघोपुर कॉलेज बीए की परीक्षा देने जा रही थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब उनकी बाइक सिमराही बाजार में पुराने सिनेमा हॉल के समीप पहुंची तो सामने एक ट्रक (HR 46 E 5794) सड़क किनारे खड़ी थी। बाइक चालक ने धीरे से बाइक को आगे बढ़ाने की कोशिश की, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही ट्रक (BR 09 GC 1463) ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार महिला सड़क पर गिर गई और गंभीर चोट लगने के कारण घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

बताया गया कि मोटरसाइकिल पर तीन लोग सवार थे। इस हादसे में मृतक महिला के ससुर टेंगरी निवासी भुवनेश्वर प्रसाद सिंह तथा उसकी 14 वर्षीय बहन रंजीता कुमारी घायल हो गई। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से रेफरल अस्पताल राघोपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

जानकारी देते हुए घायल रंजीता कुमारी ने बताया कि वे सभी लोग टेंगरी गांव से राघोपुर कॉलेज अपनी बड़ी बहन संगीता कुमारी को बीए की परीक्षा दिलाने जा रहे थे। सिमराही बाजार में सामने एक ट्रक खड़ा था, इसलिए बाइक धीरे की गई। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने एनएच-27 को करीब दो घंटे तक जाम कर दिया और प्रशासन से कार्रवाई की मांग करने लगे।
सूचना मिलने पर राघोपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल दोनों ट्रकों को पुलिस ने जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







