सुपौल: गणपतगंज में जमीनी विवाद में वार्ड पंच पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला, हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर वार्ड पंच पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल पंच को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि घटना के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक वार्ड प्रतिनिधि पर हुए हमले से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार धरहरा पंचायत के वार्ड संख्या–5 स्थित हत्ता टोला में वार्ड पंच मोहम्मद मजेबूल (55 वर्ष) पर कुछ लोगों ने चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।

बताया जाता है कि सोमवार की सुबह मोहम्मद मजेबूल अपने खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। हमलावरों ने ताबड़तोड़ चाकू चलाए, जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी होकर मौके पर ही गिर पड़े। घटना के बाद आसपास के लोगों ने उनकी चीख-पुकार सुनी और दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।

ग्रामीणों के मुताबिक यह हमला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है। गांव में काफी समय से मोहम्मद मोईन मिस्त्री और उनके पुत्र मोहम्मद कलाम के बीच भूमि को लेकर मतभेद चल रहा था। कुछ दिन पहले इस मामले को सुलझाने के उद्देश्य से एक सामाजिक पंचायत भी आयोजित की गई थी, जिसमें वार्ड पंच मजेबूल ने सक्रिय भागीदारी निभाई थी। पंचायत के दौरान उन्होंने उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मोईन मिस्त्री के पक्ष में अपनी राय दी थी, जिससे उनके बेटों में नाराजगी बढ़ गई थी।

मामला उस समय और तूल पकड़ गया जब मोईन मिस्त्री के एक अन्य पुत्र मोहम्मद रसीद ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसमें वार्ड पंच मजेबूल को प्रमुख गवाह बनाया गया। इसी रंजिश में हमले की आशंका जताई जा रही है।

परिजनों का आरोप है कि विरोधी पक्ष के लोगों ने सुनियोजित तरीके से इस घटना को अंजाम दिया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल वार्ड पंच को इलाज के लिए राघोपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि उनके शरीर पर गहरे जख्म हैं और अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। बेहतर उपचार के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। इस घटना के बाद हत्ता टोला सहित आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल बना हुआ है। गांव में स्थिति को देखते हुए लोग दहशत में हैं। परिजनों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

मामले को लेकर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि लिखित आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांचोउपरांत कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment