सांसद दिलेश्वर कामैत ने लोकसभा में उठाईं कोसी क्षेत्र की रेल समस्याएं, कई नई ट्रेनों व परियोजनाओं की मांग

सुपौल सांसद दिलेश्वर कामैत ने लोकसभा में कोसी और सीमांचल क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने को लेकर कई महत्वपूर्ण मांगें उठाईं। उन्होंने नई ट्रेनों के परिचालन, नई रेललाइन परियोजनाओं के शिलान्यास, स्टेशनों पर ठहराव और क्षेत्र को दिल्ली व कोलकाता से सीधे जोड़ने की मांग की।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल संसदीय क्षेत्र के सांसद दिलेश्वर कामैत ने लोकसभा में क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को लेकर जोरदार आवाज उठाई। उन्होंने कोसी और सीमांचल क्षेत्र के लाखों लोगों की लंबे समय से लंबित मांगों को सदन के समक्ष रखते हुए नई ट्रेनों के परिचालन, महत्वपूर्ण रेल लाइनों के निर्माण और कई स्टेशनों पर ठहराव की मांग की।

सांसद ने कहा कि बेहतर रेल सुविधा से क्षेत्र के लोगों को आवागमन, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ी राहत मिलेगी। सांसद कामैत ने ललितग्राम से वाया सरायगढ़, सुपौल, सहरसा और दानापुर होते हुए नई दिल्ली तक अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने की मांग की। इसके विकल्प के रूप में उन्होंने वाया दरभंगा नई दिल्ली तक मेल/एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का भी प्रस्ताव रखा।

उन्होंने गुवाहाटी से अररिया, फारबिसगंज और दरभंगा के रास्ते नई दिल्ली तक नई ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग भी सदन में रखी, जिससे पूर्वोत्तर भारत और मिथिलांचल के बीच सीधा संपर्क मजबूत हो सके। इसके अलावा सांसद ने डिब्रूगढ़ या गुवाहाटी से सरायगढ़, सुपौल, सहरसा और दानापुर होते हुए दिल्ली तक राजधानी एक्सप्रेस या समानांतर सुपरफास्ट एक्सप्रेस चलाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि इससे कोसी क्षेत्र के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में काफी सुविधा होगी।

रेल परियोजनाओं का मुद्दा उठाते हुए सांसद कामैत ने पूर्व मध्य रेल अंतर्गत सीतामढ़ी–जयनगर–निर्मली तथा ललितग्राम–वीरपुर नई रेललाइन परियोजना का शीघ्र शिलान्यास कर निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं उत्तर बिहार के कई जिलों के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। सांसद ने डिब्रूगढ़–गोमतीनगर अमृत भारत एक्सप्रेस (15949/50) को गलगलिया-अररिया रेलखंड होते हुए फारबिसगंज, सरायगढ़ और दरभंगा मार्ग से चलाने का प्रस्ताव भी रखा, ताकि सीमांचल और कोसी क्षेत्र के यात्रियों को सीधी लंबी दूरी की सुविधा मिल सके।

उन्होंने ललितग्राम से सुपौल, सहरसा, खगड़िया, मुंगेर, किऊल और जसीडीह होते हुए हावड़ा तक नई सुपरफास्ट ट्रेन चलाने की मांग भी की। सांसद ने कहा कि इस ट्रेन के शुरू होने से कोसी क्षेत्र का सीधा संपर्क कोलकाता महानगर से जुड़ जाएगा तथा देवघर धाम तक धार्मिक यात्रा भी सुगम हो सकेगी।

क्षेत्रीय यात्रियों की दैनिक समस्याओं को उठाते हुए सांसद कामैत ने त्रिवेणीगंज स्टेशन से सहरसा या दरभंगा होते हुए पटना/दानापुर तक रात्रिकालीन मेल या एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने सुपौल और थुमहा के बीच एक नए रेलवे स्टेशन या हॉल्ट निर्माण की आवश्यकता बताई। सांसद ने थरबिटिया रेलवे स्टेशन पर राज्यरानी एक्सप्रेस के दो मिनट के ठहराव की मांग भी सदन में रखी। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर रेल सुविधा मिल सकेगी।

सांसद दिलेश्वर कामैत ने कहा कि कोसी क्षेत्र लंबे समय से बेहतर रेल कनेक्टिविटी की मांग करता रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से जनहित में इन सभी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया। उन्होंने विश्वास जताया कि इन रेल सेवाओं और परियोजनाओं के शुरू होने से सुपौल सहित पूरे कोसी क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी, व्यापार बढ़ेगा और लोगों का सफर अधिक सुरक्षित और सुगम बनेगा।

Leave a Comment