सुपौल: राघोपुर में शांति समिति की बैठक: रामनवमी व ईद पर कड़ी सुरक्षा, सौहार्द बनाए रखने की अपील

राघोपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित कर प्रशासन ने रामनवमी और ईद-उल-फितर को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने ईदगाहों और जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का आश्वासन

Report: A.K Chaudhary

जिले के राघोपुर थाना परिसर में बुधवार को आगामी रामनवमी और ईद-उल-फितर त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने की। बैठक में मुख्य रूप से अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार उपस्थित थे। इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक तथा दोनों समुदायों के गणमान्य लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

बैठक में अधिकारियों ने पर्वों के दौरान विधि-व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बैठक से पूर्व क्षेत्र के प्रमुख ईदगाहों का निरीक्षण किया, जहां बड़ी संख्या में मुस्लिम धर्मावलंबी ईद की नमाज अदा करने के लिए जुटते हैं। इसके साथ ही रामनवमी के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्राओं और जुलूस मार्गों का भी भौतिक सत्यापन किया गया, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार ने कहा कि त्योहारों के दौरान हुड़दंग, अफवाह फैलाने या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने आयोजन समितियों से प्रशासन का सहयोग करने, निर्धारित मार्गों का पालन करने तथा तय समय-सारणी के अनुसार कार्यक्रम संपन्न कराने की अपील की।

बैठक में पर्वों की सांस्कृतिक और सामाजिक महत्ता पर भी चर्चा की गई। जानकारी दी गई कि 21 मार्च को ईद-उल-फितर मनाया जाएगा, जिसमें मुस्लिम समाज के लोग ईदगाहों में नमाज अदा कर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश देंगे। वहीं 27 मार्च को रामनवमी के अवसर पर सिमराही, राघोपुर, गणपतगंज, गद्दी और रामविसनपुर सहित विभिन्न गांवों से सैकड़ों श्रद्धालु भव्य जुलूस निकालेंगे।

इन आयोजनों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. कमल प्रसाद यादव, पूर्व उप प्रमुख शैलेंद्र सिंह और पूर्व मुखिया बैद्यनाथ भगत ने कहा कि राघोपुर की धरती गंगा-जमुनी तहजीब और सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल रही है। वक्ताओं ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग एक-दूसरे के पर्वों में सहभागी बनें और क्षेत्र की सामाजिक एकता को और सुदृढ़ करें।

मौके पर अताउर रहमान, मनीष भगत, संत अमरजीत, भूपेंद्र यादव, अभिनंदन दास,  कुंदन जयसवाल, राजेश गुप्ता, ललित कुमार, चंदू दास, दिलीप पूर्वे, प्रमोद साह, विजय कुमार, नूर आलम, रामचन्द्र भगत, मो अब्बास, सुभाष यादव, नरेंद्र यादव, रामेश्वर यादव, राधे भगत, सागर यादव, शुभम साह, अमित कुमार आदि उपस्थित थे।

Leave a Comment

[democracy id="1"]