Report: A.K Chaudhary
राघोपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में बिहार दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान टीसीपी भवन में विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक एवं जनकल्याणकारी स्टॉल लगाए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी सतेन्द्र कुमार, एमओ अमर कुमार तथा एलईओ सुवेश कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में आपूर्ति विभाग, श्रम विभाग, जल एवं स्वच्छता विभाग, बाल विकास परियोजना, जीविका, कृषि विभाग, आवास योजना तथा मनरेगा विभाग सहित कई विभागों ने अपने-अपने स्टॉल के माध्यम से सरकार द्वारा संचालित योजनाओं और सेवाओं की विस्तृत जानकारी आम लोगों को दी।

सभी स्टॉल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे कार्यक्रम स्थल का वातावरण उत्सवमय बना गया। विशेष रूप से बाल विकास परियोजना द्वारा लगाए गए स्टॉल ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

इस स्टॉल के माध्यम से अन्नप्रासन एवं गोद भराई की रस्म भी संपन्न कराई गई। महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित योजनाओं की जानकारी भी इस स्टॉल पर विस्तार से दी गई।

कार्यक्रम के दौरान बीडीओ सतेन्द्र कुमार एवं अन्य पदाधिकारियों ने सभी विभागों के स्टॉल का निरीक्षण किया तथा वहां मौजूद कर्मियों से योजनाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने स्टॉल संचालन की व्यवस्था की सराहना करते हुए लोगों को सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर बीडीओ सतेन्द्र कुमार ने बिहार दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बिहार का गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और विकास की नई दिशा हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है। बिहार दिवस हमें अपने राज्य की उपलब्धियों पर गर्व करने तथा इसके विकास में सहभागी बनने का संदेश देता है।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।







