News Desk Araria:
अररिया जिले के नरपतगंज थाना क्षेत्र में पलासी–बथनाहा फोरलेन सड़क पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा चौहान टोला के समीप उस समय हुआ जब जोगबनी की ओर जा रहे एक अज्ञात मालवाहक ट्रक ने सामने से बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक तीनों सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। शुरुआती दौर में मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में मौके पर पहुंचे मुकेश कुमार साहा और नरपतगंज थाना पुलिस ने जांच के बाद मृतकों की शिनाख्त की।

मृतकों की पहचान सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के हाजी टोला वार्ड संख्या 1 निवासी मो. अशरफ (पिता–मो. उस्मान), तथा राघोपुर नया बाजार वार्ड संख्या 17 निवासी मो. शमीर (पिता–मो. अयूब) और मो. अरबाज (पिता–मो. रुस्तम) के रूप में की गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार तीनों युवक नेपाल से जोगबनी के रास्ते वापस लौट रहे थे। इसी दौरान चौहान टोला के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार मालवाहक ट्रक ने बाइक को आमने-सामने टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने तीनों घायलों को फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा नरपतगंज और फारबिसगंज थाना पुलिस के साथ अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे तथा मामले की जानकारी ली। शवों की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजन अस्पताल पहुंच रहे हैं, जिसके बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
एसडीपीओ ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तकनीकी अनुसंधान का सहारा लिया जा रहा है। जोगबनी थाना पुलिस को भी ट्रक की पहचान के लिए लगाया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही ट्रक और उसके चालक की पहचान कर मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।







