Report: A.K Chaudhary
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा जैसे ही मैट्रिक परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया, पूरे राज्य में सफलता की खुशियां छा गईं। इसी बीच सुपौल जिले के छातापुर प्रखंड अंतर्गत भीमपुर पंचायत से एक होनहार छात्र की उपलब्धि ने सभी का ध्यान आकर्षित किया है। वार्ड संख्या 14 निवासी हरिनारायण सिंह के पुत्र अनुज कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 481 अंक 96.2 प्रतिशत हासिल किए और राज्य स्तर पर शीर्ष रैंक में अपनी जगह बनाई। वहीं जिले में भी उन्होंने दूसरा स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। पहले स्थान पर राघोपुर प्रखंड के हुसैनाबाद वार्ड 10 निवासी राजदीप कुमार ने जगह बनाई है।

अनुज की इस उपलब्धि से उनके परिवार, गांव और आसपास के इलाकों में गर्व और खुशी का माहौल है। उनकी प्रारंभिक शिक्षा भीमपुर स्थित विद्यालय से शुरू हुई, जिसके बाद उन्होंने उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, भीमपुर से अपनी आगे की पढ़ाई पूरी की।
सबसे खास बात यह रही कि अनुज ने किसी बड़े कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया। उन्होंने घर पर रहकर ही नियमित अध्ययन और आत्मनिर्भर तैयारी के दम पर यह सफलता हासिल की। अनुज के अनुसार, वे प्रतिदिन लगभग 7 से 8 घंटे पढ़ाई करते थे और लगातार अभ्यास को ही अपनी सफलता की कुंजी मानते हैं।
अनुज ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। उनके पिता और माता दोनों ही शिक्षण कार्य से जुड़े हैं, जिनका मार्गदर्शन उन्हें लगातार मिलता रहा। भविष्य को लेकर अनुज का लक्ष्य स्पष्ट है। वे चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं और इसके लिए आगे NEET परीक्षा की तैयारी करने का इरादा रखते हैं।







