Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत राघोपुर रेलवे स्टेशन के समीप एनएच 106 (नया एनएच 131) पर स्थित रेलवे गुमटी (फाटक) संख्या 15B को सोमवार 30 मार्च को पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया। रेलवे प्रशासन ने यह कदम आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) चालू होने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर उठाया है।

अधिकारियों के अनुसार बार-बार फाटक खोलने और बंद करने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी, जिसे देखते हुए गुमटी को स्थायी रूप से बंद करना जरूरी हो गया।

मौके पर प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए राघोपुर बीडीओ सतेन्द्र कुमार मजिस्ट्रेट के रूप में उपस्थित रहे। वहीं सुरक्षा व्यवस्था में आरपीएफ राघोपुर के एएसआई बीरेंद्र कुमार चौधरी और राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय अपनी टीम के साथ तैनात रहे।

रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर सुभाष कुमार ने बताया कि विभागीय निर्देश के अनुसार 30 मार्च से इस गुमटी को पूरी तरह बंद कर दिया गया है।

हालांकि, गुमटी बंद होने से जहां एक ओर रेल और सड़क यातायात की सुरक्षा मजबूत हुई है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। खासकर पैदल यात्रियों, साइकिल सवारों और छोटे दुकानदारों को अब करीब एक किलोमीटर घूमकर आरओबी के रास्ते आना-जाना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पैदल यात्रियों के लिए कोई वैकल्पिक मार्ग या सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि आम जनजीवन प्रभावित न हो।







