सुपौल: गणपतगंज में नॉर्थ सेंट विलियम्स एकेडमी का वार्षिक उत्सव धूमधाम से संपन्न, नए ब्रांच ‘वात्सल्य किड्स स्कूल’ का हुआ शुभारंभ

राघोपुर के गणपतगंज स्थित नॉर्थ सेंट विलियम्स एकेडमी में वार्षिक उत्सव धूमधाम से मनाया गया, जहां नए ब्रांच ‘वात्सल्य किड्स स्कूल’ का शुभारंभ हुआ और बच्चों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सबका मन मोह लिया।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत गणपतगंज स्थित नॉर्थ सेंट विलियम्स एकेडमी में रविवार को वार्षिक उत्सव बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के लिए एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ी, जब नए ब्रांच ‘वात्सल्य किड्स स्कूल’ का विधिवत शुभारंभ किया गया।

वात्सल्य किड्स स्कूल का उद्घाटन करते अतिथि

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि शिक्षक सिकेन्द्र यादव एवं विशिष्ट अतिथि गोपिकांत झा, राजेंद्र परिहस्त, रविंद्र सिंह, दुर्गानंद झा, अमित ठाकुर, योगानंद चौधरी, महानन्द चौधरी, विद्यालय के निदेशक मोहन परिहस्त तथा प्राचार्य सोहन परिहस्त द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया गया। इस दौरान विद्यालय के निदेशक मोहन परिहस्त ने सभी अतिथियों को मिथिला की पारंपरिक पाग और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के मेधावी एवं टॉपर छात्रों को भी पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

बच्चों को पुरस्कृत करते अतिथि

उद्घाटन के पश्चात कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। नन्हें-मुन्ने बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। खासकर “मेरी माँ” गीत पर बच्चों की भावनात्मक प्रस्तुति ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों को भावुक कर दिया।

कार्यक्रम प्रस्तुत करते बच्चे

इसके अलावा स्वागत गान, झिझिया, सामा-चकेवा, “राम सियाराम” भक्ति गीत, ऐ गिरी नंदन, मैं निकला गड्डी लेके लुका छिपी, लूंगी डांस तथा पारिवारिक सांग पर बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा।

कार्यक्रम प्रस्तुत करते बच्चे

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि शिक्षक सिकेन्द्र यादव ने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। इससे बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उनकी छिपी प्रतिभा को मंच मिलता है।

कार्यक्रम प्रस्तुत करते बच्चे

विद्यालय के निदेशक मोहन परिहस्त ने अपने संबोधन में कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि बच्चों के नैतिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विकास पर भी विशेष ध्यान देना है। उन्होंने नए ब्रांच ‘वात्सल्य किड्स स्कूल’ के माध्यम से छोटे बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई। बताया कि आज के इस वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का थीम है छवि।

कार्यक्रम प्रस्तुत करते बच्चे

वहीं, प्राचार्य सोहन परिहस्त ने कहा कि विद्यालय लगातार शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी अभिभावकों और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम प्रस्तुत करते बच्चे

कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय परिवार, शिक्षकगण एवं अभिभावकों का सराहनीय योगदान रहा। पूरे आयोजन के दौरान उत्सव का माहौल बना रहा और अंत में सभी ने इस यादगार कार्यक्रम की सराहना की।

कार्यक्रम में उपस्थित लोग

मौके पर मुखिया कमलेश साह, सुमन कुमार पंकज, बमबम चौधरी, विद्यालय के शिक्षक रामकृष्ण यादव, शिक्षिका श्रेया, सोनम, मुस्कान, निधि, आरती सहित बच्चे के परिजन उपस्थित थे।

Leave a Comment

[democracy id="1"]