News Desk Supaul:
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में बहुचर्चित प्रिंस हत्याकांड में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में राघोपुर पुलिस ने गुरुवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राघोपुर थाना क्षेत्र के धरहारा वार्ड संख्या 13 निवासी अजय चौधरी के रूप में हुई है।

राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने जानकारी देते हुए बताया कि कांड संख्या 277/25 में चल रहे सुपरविजन के दौरान अजय चौधरी की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने गुरुवार की रात छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
क्या है पूरा मामला
घटना 16 जुलाई 2025 की है, जब किसनपुर थाना क्षेत्र के मधूरा निवासी युवक प्रिंस की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और शुरुआती कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया। मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए अपराधियों ने उसे अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया था। बाद में पुलिस ने कोरियापट्टी के तिलावे धार से प्रिंस का सिर और धड़ अलग-अलग जगहों से बरामद किया।
कई आरोपी अब भी फरार
इस जघन्य हत्याकांड में कई आरोपी शामिल है। पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि सुपरविजन के आधार पर अन्य संदिग्धों की भी पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस की सख्ती जारी
राघोपुर पुलिस का कहना है कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। लगातार की जा रही कार्रवाई से यह साफ है कि पुलिस इस हत्याकांड को लेकर गंभीर है और सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध है।







