सुपौल: राघोपुर प्रिंस हत्याकांड में फरार आरोपियों के घर ढोल बजाकर चिपकाया गया इश्तिहार, पुलिस ने दी सरेंडर की चेतावनी

राघोपुर में प्रिंस हत्याकांड के फरार पांच आरोपियों के घर पुलिस ने ढोल बजाकर इश्तिहार चिपकाया और जल्द आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। पुलिस ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में चर्चित प्रिंस हत्याकांड को लेकर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार की दोपहर राघोपुर थाना पुलिस ने देवीपुर पंचायत के कोरियापट्टी गांव में फरार चल रहे आरोपियों के घरों पर इश्तिहार चिपकाया। इस दौरान पुलिस ने ढोल बजाकर मुनादी भी कराई और आरोपियों को जल्द आत्मसमर्पण करने की सख्त चेतावनी दी।

पुलिस द्वारा जिन आरोपियों के घर इश्तिहार चिपकाया गया, उनमें राजकुमार सादा, राजू सादा, रमेश सादा, दिनेश सादा और सोमन सादा शामिल हैं। ये सभी आरोपी प्रिंस हत्याकांड में नामजद हैं और घटना के बाद से ही फरार चल रहे हैं।

इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि कांड संख्या 277/25 के तहत दर्ज इस हत्याकांड में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून से बच पाना संभव नहीं है और यदि आरोपी जल्द आत्मसमर्पण नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई और भी कड़ी की जाएगी।

गौरतलब है कि गत 16 जुलाई 2025 को किशनपुर थाना क्षेत्र के मधुरा गांव निवासी प्रिंस की कोरियापट्टी में बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस जघन्य वारदात में अपराधियों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए शव को छिपाने के उद्देश्य से सिर और धड़ को अलग-अलग कर दिया था। बाद में पुलिस ने कोरियापट्टी स्थित तिलावे धार से दोनों हिस्सों को अलग-अलग स्थानों से बरामद किया था।

इस हृदयविदारक घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। तब से ही पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। ताजा कार्रवाई को लेकर माना जा रहा है कि जल्द ही इस मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिल सकती है।

Leave a Comment