नेपाल में वोटों की गिनती जारी: Gen-Z का असर, बालेन शाह की पार्टी बहुमत की ओर, ओली पीछे

नेपाल प्रतिनिधि सभा चुनाव की मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों में बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी बहुमत की ओर बढ़ती दिख रही है। Gen-Z के समर्थन से पार्टी 100 से अधिक सीटों पर आगे चल रही है, जबकि पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली कई सीटों पर पीछे नजर आ रहे हैं।

News Desk:

नेपाल में प्रतिनिधि सभा चुनाव के बाद मतगणना तेज़ी से जारी है और शुरुआती रुझानों में बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी बड़ी बढ़त बनाती दिखाई दे रही है। शुरुआती रुझानों के अनुसार पार्टी 112 सीटों पर आगे चल रही है और बहुमत के आंकड़े को पार करती नजर आ रही है। इस बढ़त के साथ पार्टी के नेता बालेन शाह को बड़ी राजनीतिक सफलता मिलती दिख रही है।

झापा निर्वाचन क्षेत्र संख्या-5 से आ रहे शुरुआती रुझानों में भी बालेन शाह बढ़त बनाए हुए हैं। यहां उनका मुकाबला पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली से माना जा रहा था, लेकिन शुरुआती मतगणना में शाह ने ओली को काफी पीछे छोड़ दिया है। युवाओं के बीच खासकर Gen-Z में लोकप्रिय बालेन्द्र शाह की पार्टी को देश के कई हिस्सों में अच्छा समर्थन मिलता दिख रहा है।

बताया जा रहा है कि कोसी, मधेश, बागमती और लुंबिनी जैसे प्रमुख प्रांतों में भी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी बढ़त बनाए हुए है। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि इस बार नेपाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

नेपाल की प्रतिनिधि सभा के लिए मतदान गुरुवार को संपन्न हुआ था। देश के 77 जिलों में सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक लगभग 23 हजार मतदान केंद्रों पर वोट डाले गए। मतदान खत्म होने के बाद देर रात से ही मतगणना शुरू कर दी गई।

नेपाल के निर्वाचन आयोग नेपाल ने दावा किया है कि मतगणना शुरू होने के 24 घंटे के भीतर प्रत्यक्ष प्रणाली (एफपीटीपी) की 165 सीटों के परिणाम जारी कर दिए जाएंगे। हालांकि आयोग ने यह भी कहा है कि पहाड़ी और दुर्गम इलाकों से मतपेटियां मतगणना केंद्र तक पहुंचाने में समय लगता है, इसलिए कुछ सीटों के परिणाम बाद में घोषित किए जाएंगे।

इस बीच नेपाल के प्रमुख मीडिया हाउस The Kathmandu Post के मुताबिक कार्यवाहक मुख्य निर्वाचन आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने उम्मीद जताई है कि इस बार मतदान प्रतिशत 65 फीसदी से अधिक रह सकता है।

गौरतलब है कि पिछले साल सितंबर में हुए Gen-Z आंदोलन के बाद यह नेपाल का पहला आम चुनाव है। ऐसे में शुरुआती रुझान संकेत दे रहे हैं कि देश की राजनीति में नई पीढ़ी और नए नेतृत्व की एंट्री से बड़ा बदलाव संभव है।

Leave a Comment