पटना में जन सुराज का सियासी शक्ति प्रदर्शन: भाजपा के कई दिग्गज नेता पार्टी में हुए शामिल, प्रशांत किशोर बोले- अब बिहार का अगला रास्ता जन सुराज

न्यूज डेस्क पटना:

राजनीतिक रणनीतिकार से जन आंदोलनकारी बने प्रशांत किशोर की अगुवाई में जन सुराज पार्टी ने गुरुवार को पटना स्थित शेखपुरा हाउस में बड़ा मिलन समारोह आयोजित किया। इस कार्यक्रम में भाजपा समेत विभिन्न दलों के कई वरिष्ठ नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने जन सुराज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर पार्टी ने साफ संकेत दिया कि बिहार की सियासत में जन सुराज अब एक ठोस विकल्प बनकर उभर रही है।

कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री और भूमिहार-ब्राह्मण सामाजिक फ्रंट के कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर शर्मा, भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व उपाध्यक्ष विनीता मिश्रा, समस्तीपुर की युवा उद्यमी और सामाजिक कार्यकर्ता चेतना झांब, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी पल्लव कुमार सिंह, साथ ही कई सामाजिक-शैक्षणिक और कानूनी क्षेत्र की प्रतिष्ठित हस्तियों ने पार्टी जॉइन की।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने सभी नए सदस्यों को परंपरागत पीला गमछा ओढ़ाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा, “आज बिहार के कोने-कोने से लोग जन सुराज से जुड़ रहे हैं। यह भरोसे का प्रतीक है कि हमारी पार्टी ही राज्य की जमीनी समस्याओं का स्थायी समाधान दे सकती है।”

प्रशांत किशोर ने साधा निशाना, जताया आत्मविश्वास

समारोह में प्रशांत किशोर ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, “हम किसी के विरोध में नहीं हैं, बल्कि एक बेहतर व्यवस्था की खोज में हैं। बिहार को भी कर्नाटक और गुजरात की तरह विकसित होना चाहिए। जो लोग असल में बदलाव चाहते हैं, वो अब जन सुराज की ओर आ रहे हैं।”

उन्होंने भाजपा पर अप्रत्यक्ष रूप से कटाक्ष करते हुए कहा कि, “भाजपा में जिस ‘चाल, चरित्र और चेहरे’ की बात होती थी, वो चेहरा अब जन सुराज में दिख रहा है।” उन्होंने दावा किया कि, “नवंबर के बाद जदयू के नेताओं और कार्यकर्ताओं का अंतिम ठिकाना जन सुराज ही होगा। खुद नीतीश कुमार भी अब पीले रंग के बस में घूम रहे हैं। बिहार में जहां भी नजर डालिए, पीला रंग ही दिख रहा है — लोग समझ रहे हैं अगला रास्ता क्या है।”

भाजपा से टूटकर आए नेताओं ने क्या कहा?

जन सुराज में शामिल हुए भाजपा के पूर्व महामंत्री सुधीर शर्मा ने कहा, “मैंने अपनी जवानी भाजपा को दी, लेकिन अब यह पार्टी जमीनी कार्यकर्ताओं की कत्लगाह बन चुकी है। अब बिहार में राजद-1 और राजद-2 की सत्ता की लड़ाई है। जन सुराज ही जनता का अगला विकल्प है।”

पूर्व महिला प्रदेश उपाध्यक्ष विनीता मिश्रा ने भी प्रशांत किशोर और उदय सिंह को धन्यवाद देते हुए कहा कि वे पूरी ताकत से पार्टी के लिए काम करेंगी। वहीं युवा उद्यमी चेतना झांब ने कहा, “अब बिहारी न केवल बिहार में, बल्कि वैश्विक स्तर पर नेतृत्व कर रहे हैं। बिहार को उसका पुराना गौरव लौटाना है, और ये कार्य प्रशांत किशोर के नेतृत्व में ही संभव है।”

कई क्षेत्रों की चर्चित लोगों ने भी थामा जन सुराज का दामन

इस मौके पर जन सुराज में शामिल होने वालों में शामिल हैं:

  • डॉ. शशि शेखर शर्मा (गोपालगंज के प्रसिद्ध चिकित्सक)
  • डॉ. सोमेंद्र कुमार सिंह (दिल्ली यूनिवर्सिटी के रिटायर्ड प्रोफेसर)
  • उमाशंकर दास शास्त्री (महावीर मंदिर, पटना के पूर्व मुख्य पुजारी)
  • अमितेश कुमार (सारण के शैक्षणिक कार्यकर्ता)
  • विश्वजीत भारती (कटिहार के सामाजिक कार्यकर्ता)
  • रिंकू गिरी (उद्यमी)
  • राजेश कुमार मिश्रा (पटना हाईकोर्ट के अधिवक्ता)
  • अजय गिरी (पश्चिम चंपारण कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष)
    इनके साथ ही विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों कार्यकर्ता भी पार्टी में शामिल हुए।

Leave a Comment

[democracy id="1"]