



News Desk Purnea:
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ रविवार को पूर्णिया पहुंची, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। यात्रा की शुरुआत उन्होंने पूर्णिया के गौरा पंचायत से खुली जीप में की और कुछ ही दूरी तय करने के बाद वे बेलौरी से मोटरसाइकिल पर सवार होकर अररिया की ओर निकल पड़े। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम बाइक पर बैठे नजर आए। साथ ही तेजस्वी यादव भी बाइक पर सवार दिखे। दोनों ने हेलमेट पहन रखा था और उनके पीछे बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का काफिला मोटरसाइकिलों पर चलता रहा।
जनसमूह उमड़ा, पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत
जैसे ही राहुल गांधी सड़क मार्ग से आगे बढ़े, लाइन बाजार, खुश्कीबाग, रामबाग और अन्य इलाकों में दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग उनकी झलक पाने के लिए खड़े दिखाई दिए। जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी के झंडे लेकर खड़े थे। छोटे बच्चे भी सड़क किनारे हाथ हिलाकर राहुल गांधी का अभिवादन करते नजर आए। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस प्रशासन को बार-बार मशक्कत करनी पड़ी। लोगों में इतना उत्साह था कि कई स्थानों पर उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ा, लेकिन राहुल गांधी बिना रुके अररिया की ओर बढ़ गए।

कटिहार में किसानों के बीच भी दिखे
इस यात्रा से पहले राहुल गांधी कटिहार जिले में मखाना की खेती करने वाले किसानों के खेतों में पहुंचे। उन्होंने पैंट घुटनों तक चढ़ाई और सीधे खेत में जाकर काम कर रहे 10–12 किसानों से मिले। किसानों ने उन्हें अपनी समस्याओं और खेती-बाड़ी की चुनौतियों से अवगत कराया। राहुल गांधी ने धैर्यपूर्वक उनकी बातें सुनीं और समाधान की दिशा में हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
नवगछिया से हुई थी यात्रा की शुरुआत
राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ भागलपुर के नवगछिया से शुरू हुई थी। इसके बाद वे कटिहार होते हुए रविवार सुबह पूर्णिया पहुंचे। शनिवार देर रात ही वे गौरा मोड़ स्थित ठहराव स्थल पर पहुंचे थे, जहां उनका भव्य स्वागत हुआ।
विपक्षी नेताओं की मौजूदगी
पूर्णिया में राहुल गांधी की यात्रा के दौरान कई प्रमुख विपक्षी नेता भी उनके साथ नजर आए। राजद नेता तेजस्वी यादव, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी और भाकपा महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य समेत कई नेताओं ने टेंट सिटी और पंडाल परिसर में रात बिताई। इससे यह संदेश गया कि महागठबंधन राहुल गांधी की इस यात्रा में मजबूती से उनके साथ खड़ा है।
प्रशासन ने बदला यातायात का रूट
राहुल गांधी की यात्रा को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्था की। रविवार सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक कई मार्गों पर वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई गई, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।