News Desk Patna:
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के तहत 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर चुनाव प्रचार शनिवार शाम थम गया। अब मतदाता 11 नवंबर को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर जाकर वोट डालेंगे। राज्य में इस चरण के मतदान के लिए चुनाव आयोग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।
सीमांचल से मगध तक दूसरे चरण की जंग
दूसरे चरण में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, नवादा, गया, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, कैमूर और रोहतास सहित कुल 20 जिलों में वोट डाले जाएंगे। इन जिलों में कुल 122 विधानसभा सीटों पर मुकाबला होगा।
इस चरण में कुल 1302 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1165 पुरुष, 136 महिलाएं और 1 थर्ड जेंडर उम्मीदवार शामिल हैं। इनमें तीन सीटों — कैमूर की चैनपुर, रोहतास की सासाराम और गया शहर — पर सबसे अधिक 22-22 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं, लौरिया, चनपटिया, रक्सौल, सुगौली, त्रिवेणीगंज और बनमनखी ऐसी सीटें हैं, जहां केवल 5-5 प्रत्याशी ही चुनाव लड़ रहे हैं।
3.70 करोड़ से अधिक मतदाता करेंगे मतदान
इस चरण में कुल 3,70,13,556 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। आयोग ने इसके लिए 45,399 मतदान केंद्र बनाए हैं, जिनमें 40,073 ग्रामीण और 5326 शहरी बूथ शामिल हैं। इनमें से 595 बूथ पूरी तरह महिलाओं द्वारा संचालित, 91 बूथ दिव्यांगजन द्वारा संचालित और 316 मॉडल बूथ बनाए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित किया जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, भारत-नेपाल सीमा सील
दूसरे चरण के मतदान से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने कड़े इंतजाम किए हैं। भारत-नेपाल सीमा को पूरी तरह सील कर दिया गया है। यह व्यवस्था 11 नवंबर की रात तक जारी रहेगी। सीमा पर लोगों के आने-जाने पर रोक लगा दी गई है ताकि किसी तरह की असामाजिक गतिविधियों को रोका जा सके।
सुरक्षा बलों की पर्याप्त तैनाती के निर्देश दिए गए हैं, विशेषकर उन बूथों पर जहां मतदान समय भिन्न है। कटोरिया, बेलहर, चैनपुर, चेनारी, गोह, नवीनगर, कुटुंबा, औरंगाबाद, रफीगंज, गुरुआ, शेरघाटी, इमामगंज, बाराचट्टी (36 बूथ), बोधगया (200 बूथ), रजौली, गोविंदपुर, सिकंदरा, जमुई, झाझा और चकाई विधानसभा क्षेत्रों के बूथों पर मतदान शाम 4 बजे तक, जबकि बोधगया के 106 बूथों पर मतदान शाम 5 बजे तक होगा।
भाजपा के बड़े चेहरे भी मैदान में
इस चरण में भाजपा के कई दिग्गज उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें झंझारपुर से नीतीश मिश्र, छातापुर से नीरज कुमार सिंह बबलू, बेतिया से रेणु देवी और हरसिद्धि से कृष्णनंदन पासवान शामिल हैं। जहां पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी और शिवहर भाजपा के परंपरागत गढ़ माने जाते हैं, वहीं सीमांचल और मगध के जिले पार्टी के लिए चुनौतीपूर्ण माने जा रहे हैं।
आयोग की अपील — शांतिपूर्ण और अधिकतम मतदान करें
चुनाव आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों और शांतिपूर्ण, निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करें।







