नीतीश कुमार का इस्तीफा, NDA ने चुना विधायक दल का नेता, कल 10वीं बार लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

News Desk Patna:

बिहार में नई सरकार गठन की प्रक्रिया अब पूरी तरह तेज हो गई है। एनडीए विधायक दल की बैठक में नीतीश कुमार को नेता चुन लिया गया है, जिसके बाद उन्होंने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपते हुए नई सरकार बनाने का दावा प्रस्तुत कर दिया है। इसी के साथ यह तय हो गया है कि गुरुवार, 20 नवंबर को वे दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

गांधी मैदान में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह को लेकर प्रशासन और एनडीए गठबंधन ने व्यापक तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। समारोह सुबह 11:30 बजे से शुरू होगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार की शाम ही पटना पहुँचेंगे।

विधानसभा चुनाव के बाद तेजी से बनी राजनीतिक परिस्थिति में एनडीए ने अपने नेतृत्व को स्पष्ट करते हुए भाजपा विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को नेता चुना है। पार्टी ने दोबारा भरोसा जताते हुए सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा को ही उपमुख्यमंत्री बनाए जाने का निर्णय लिया है। नई सरकार में इन दोनों नेताओं की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने दो उपमुख्यमंत्रियों और करीब 20 मंत्रियों के साथ शपथ ले सकते हैं। कैबिनेट में भाजपा और जदयू के अलावा लोजपा (रा), हम और रालोमो के विधायकों को भी जगह मिलेगी। भाजपा मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप केंद्रीय नेतृत्व, विशेषकर अमित शाह, दे रहे हैं।

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने नीतीश कुमार की प्रशंसा करते हुए कहा कि, “आज हिंदुस्तान में ही नहीं बल्कि दुनिया में शायद ही कोई ऐसा नेता होगा जो 20 साल तक लगातार काम करे और उसके खिलाफ एंटी इनकम्बेंसी न हो।”

नई सरकार के गठन के साथ बिहार में राजनीतिक गतिविधियाँ पूरी तरह से चरम पर पहुँच चुकी हैं और गुरुवार को होने वाला शपथ ग्रहण समारोह एक बार फिर राज्य की राजनीति का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]