नीतीश कुमार ने रचा इतिहास: 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ, गांधी मैदान में दिखी एनडीए की शक्ति

News Desk Patna:

बिहार की राजनीति ने गुरुवार को एक और ऐतिहासिक क्षण देखा, जब जनता दल (यू) के नेता नीतीश कुमार ने 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राजधानी पटना के गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने भी मंत्री पद की शपथ ली। एनडीए के सभी घटक दलों से आए नेताओं ने भी तय कोटे के अनुसार शपथ ग्रहण किया। विभागों का बंटवारा बाद में किया जाएगा।

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत एनडीए की कई राज्यों की मुख्यमंत्री, सरकारों के प्रमुख नेता मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने गांधी मैदान में उपस्थित लोगों का अभिवादन किया और अपना पारंपरिक गमछा लहराकर बिहार की जनता का धन्यवाद किया।

एक दिन पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं गांधी मैदान पहुंचे थे और शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया था। उन्होंने मंच, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी सभी तैयारियों की समीक्षा अधिकारियों के साथ की थी। समारोह में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। आम जनता से लेकर विशिष्ट अतिथियों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक व्यवस्था की थी।

शपथ लेने वाले मंत्रियों की सूची

मुख्यमंत्री के साथ जिन मंत्रियों ने शपथ ली, उनमें शामिल हैं— सम्राट चौधरी, विजय कुमार, विजय कुमार चौधरी, विजेंद्र यादव, श्रवण कुमार, मंगल पांडेय, दिलीप जायसवाल, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, मदन सहनी, नितिन नबीन, रामकृपाल यादव, संतोष कुमार सुमन, सुनील कुमार, मोहम्मद जमा, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, नारायण प्रसाद, रमा निषाद, लखेंद्र कुमार, श्रेयसी सिंह, प्रमोद कुमार, संजय कुमार, संजय कुमार सिंह और दीपक प्रकाश।

बिहार की नई सरकार के गठन के बाद अब विभागों के वितरण और नई कार्ययोजना को लेकर जल्द ही मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल की बैठक होने की संभावना है। शपथ ग्रहण के साथ ही बिहार में एनडीए सरकार की नई पारी औपचारिक रूप से शुरू हो गई है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]