News Desk Saharsa:
Samriddhi Yatra Saharsa: समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को सहरसा पहुंचे, जहां उन्होंने जिले को करीब 500 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने कई योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन और शिलान्यास किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकासात्मक स्टॉलों का निरीक्षण किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से संवाद कर उनके कार्यों की जानकारी ली और कई लाभुकों के बीच चेक वितरित कर उन्हें प्रोत्साहित किया। साथ ही प्रगति यात्रा के दौरान घोषित योजनाओं और जिले में चल रहे आरओबी सहित अन्य विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार की स्थिति अलग थी। उस समय लोग शाम होने के बाद घर से निकलने से डरते थे और कई जगहों पर सांप्रदायिक तनाव की घटनाएं होती थीं। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद कब्रिस्तानों की घेराबंदी कराई गई, जिससे विवादों में कमी आई। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद से लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं और अब राज्य में डर और भय का वातावरण नहीं है।

मुख्यमंत्री ने राज्य में बिजली आपूर्ति को लेकर कहा कि उनकी सरकार ने वर्ष 2018 में हर घर तक बिजली पहुंचाने का काम किया। उन्होंने बताया कि राज्य में सस्ती दर पर बिजली उपलब्ध कराई जा रही है और अब 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जा रही है।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की कि अगले एक महीने के भीतर सहरसा एयरपोर्ट के लिए टेंडर जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में सड़कों का व्यापक जाल बिछाया गया है और सहरसा की सड़क कनेक्टिविटी को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आज सहरसा से पटना की दूरी लोग महज 3 से 4 घंटे में तय कर पा रहे हैं।

सम्राट चौधरी ने कहा कि खगड़िया से विशेष सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है और मानसी से सहरसा को सीधे जोड़ने की योजना पर भी काम हो रहा है। उन्होंने बताया कि सिमरी बख्तियारपुर क्षेत्र टापू जैसा इलाका है, इसलिए वहां पुलों का बड़े पैमाने पर निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक समय बिहार में सड़कों की लंबाई करीब 6 हजार किलोमीटर थी, जो अब बढ़कर लगभग 1 लाख 40 हजार किलोमीटर हो गई है।
कार्यक्रम में मंत्री विजय कुमार चौधरी, मधेपुरा सांसद दिनेश चंद्र यादव, विधान पार्षद ललन सर्राफ सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।







