Bihar Diwas 2026: पटना के गांधी मैदान से गूंजा ‘उन्नत बिहार’ का संकल्प — मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया भव्य आगाज

पटना के गांधी मैदान में बिहार दिवस समारोह 2026 का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भव्य उद्घाटन किया। समारोह में विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी, महिला सशक्तिकरण योजनाएं, पारंपरिक कला प्रदर्शन और जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक देखने को मिली। ‘उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार’ थीम पर आयोजित यह तीन दिवसीय कार्यक्रम लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

News Desk Patna:

Bihar Diwas 2026: राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में रविवार शाम बिहार दिवस समारोह 2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। 22 से 24 मार्च तक चलने वाले इस तीन दिवसीय राज्यस्तरीय आयोजन का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत में शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंद्र ने मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ भेंटकर औपचारिक स्वागत किया।

उद्घाटन से पहले मुख्यमंत्री ने गांधी मैदान परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की।

आपदा प्रबंधन और शिक्षा विभाग के प्रदर्शनों का लिया जायजा

मुख्यमंत्री ने बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की प्रदर्शनी में आपदा से बचाव, राहत प्रबंधन और जागरूकता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने शिक्षा विभाग के पवेलियन का भ्रमण किया, जहां आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं और नवाचार आधारित शिक्षण व्यवस्थाओं को प्रदर्शित किया गया था।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए संवर्द्धन कक्ष, अत्याधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला, कला कक्ष, स्मार्ट क्लासरूम, व्यावसायिक शिक्षा कक्ष, अटल टिंकरिंग लैब, आईसीटी लैब, ईको क्लब, बाल संसद, खेल कक्ष, निपुण कक्ष तथा बाल वाटिका जैसी व्यवस्थाओं को विस्तार से देखा और शिक्षा क्षेत्र में हो रहे सुधारों की सराहना की।

मुख्यमंत्री का संबोधन: गौरवशाली इतिहास से उज्ज्वल भविष्य की ओर

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार का इतिहास अत्यंत समृद्ध और गौरवपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दृढ़ संकल्प के साथ बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने लोगों का आह्वान करते हुए कहा, “समृद्ध बिहार के निर्माण के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। एकजुटता और संकल्प से ही हम राज्य को नई पहचान दिला सकते हैं।”

‘उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार’ थीम पर आधारित आयोजन

इस वर्ष बिहार दिवस समारोह की थीम ‘उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार’ रखी गई है। थीम के अनुरूप राज्यभर में विभिन्न सांस्कृतिक, शैक्षणिक और विकासपरक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन की समन्वय जिम्मेदारी समाज कल्याण विभाग द्वारा महिला एवं बाल विकास निगम को नोडल एजेंसी के रूप में सौंपी गई है।

गांधी मैदान में समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न इकाइयों ने अपनी योजनाओं, सेवाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए आकर्षक थीम आधारित स्टॉल स्थापित किए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से आम नागरिकों को राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।

पारंपरिक कला, महिला उद्यमिता और सामाजिक सशक्तिकरण पर विशेष जोर

समारोह में बिहार की पारंपरिक कलाओं को भी प्रमुखता दी गई है। पवेलियन में लहठी और सुजनी जैसी पारंपरिक हस्तकलाओं का जीवंत प्रदर्शन लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इसके अतिरिक्त महिला उद्यमियों द्वारा निर्मित उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन के लिए विशेष स्टॉल उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास दिखा।

महिला एवं बाल विकास निगम ने राज्य में महिलाओं, बच्चों और कमजोर वर्गों के उत्थान हेतु चलाए जा रहे कार्यक्रमों और विकास यात्रा को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया।

कई महत्वपूर्ण विभाग और इकाइयाँ आयोजन में शामिल

समारोह में समाज कल्याण विभाग के अधीन कई प्रमुख इकाइयों की सक्रिय भागीदारी देखी जा रही है। इनमें समाज कल्याण निदेशालय, आईसीडीएस निदेशालय, राज्य आयुक्त दिव्यांगजन कार्यालय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय, बिहार बाल अधिकार संरक्षण आयोग, सामाजिक सुरक्षा निदेशालय, स्टेट सोसाइटी फॉर अल्ट्रा पुअर एंड सोशल वेलफेयर (सक्षम) तथा राज्य बाल संरक्षण समिति शामिल हैं।

इन सभी इकाइयों ने अपने-अपने क्षेत्र में चल रही योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याण सेवाओं को प्रदर्शनी के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया है।

Leave a Comment