News Desk Patna:
उत्तर बिहार समेत राज्य के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है। उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उसके आसपास के क्षेत्रों के ऊपर बने चक्रवातीय परिसंचरण के प्रभाव के साथ-साथ बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी युक्त हवाओं के कारण बिहार में अस्थिर मौसम की स्थिति बन गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों के दौरान राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी-पानी की संभावना है। खासकर उत्तर-पूर्वी और सीमांचल क्षेत्र में मौसम ज्यादा प्रभावी रहेगा।
अगले 24 घंटों के लिए सुपौल, अररिया, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, समस्तीपुर, शिवहर, सीतामढ़ी और पश्चिमी चंपारण जिलों के कुछ हिस्सों में वज्रपात, ओलावृष्टि और तेज आंधी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने को कहा गया है, क्योंकि वज्रपात की घटनाएं खतरनाक साबित हो सकती हैं।
किसानों को भी सलाह दी गई है कि वे फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय करें। इसके साथ ही, अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की जा सकती है। हालांकि, बीच-बीच में होने वाली बारिश और तेज हवाओं के कारण गर्मी से कुछ राहत भी मिल सकती है।







