मुंगेर में ड्यूटी के दौरान ASI की हत्या, झगड़ा सुलझाते समय सिर पर हमला

न्यूज डेस्क पटना:

मुंगेर में एक और एएसआई की हत्या कर दी गई है। घटना नंदलालपुर इलाके की है, जहां पुलिस टीम विवाद सुलझाने के लिए पहुंची थी। जानकारी के मुताबिक, इलाके में दो परिवारों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी, जिसके बाद एएसआई संतोष कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

झगड़ा सुलझाने पहुंचे ASI पर हमला

जब एएसआई संतोष कुमार दोनों पक्षों से बात कर रहे थे, तभी विवाद बढ़ गया। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने तेज धारदार हथियार से उनके सिर पर हमला कर दिया। हमले के बाद एएसआई गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी हालत इतनी नाजुक थी कि उन्हें तत्काल पटना रेफर करना पड़ा, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मुफ्फसिल थाना अध्यक्ष चंदन कुमार ने उनकी मौत की पुष्टि की है।

दो दिन पहले अररिया में भी एएसआई की हत्या

बिहार में यह घटना कोई पहली नहीं है। महज दो दिन पहले अररिया जिले में भी एक एएसआई की हत्या कर दी गई थी। अररिया के लक्ष्मीपुर गांव में एएसआई राजीव कुमार अपनी टीम के साथ एक अपराधी को पकड़ने गए थे, लेकिन ग्रामीणों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में बुरी तरह घायल होने के बाद उनकी भी मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

घायल एएसआई संतोष कुमार भभुआ के रहने वाले थे और डायल 112 की टीम में तैनात थे। घटना शुक्रवार शाम करीब 7:45 बजे की है, जब आईटीसी नंदलालपुर के पास दो पक्षों में झगड़े की सूचना मिली थी। जैसे ही वे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने लगे, तभी एक पक्ष ने अचानक उन पर हमला कर दिया। तेज धारदार हथियार से उनके सिर पर वार किया गया, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए।

इलाज के दौरान मौत

हमले के बाद एएसआई संतोष कुमार को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही सदर डीएसपी अभिषेक आनंद सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें पटना रेफर कर दिया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

Leave a Comment

[democracy id="1"]