



न्यूज डेस्क सुपौल:
जिले के नगर पंचायत सिमराही स्थित भाजपा कार्यालय में शनिवार को बूथ सशक्तिकरण अभियान के तहत नगर इकाई की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष उमेश कुमार गुप्ता ने की, जबकि कार्यक्रम की प्रभारी जिला मंत्री स्मृति कुमारी रहीं।
बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। मौके पर जिला उपाध्यक्ष सीमा कुशवाहा, जिला मंत्री ममता झा, नगर महामंत्री प्रशांत वर्मा, बूथ सशक्तिकरण जिला सह-संयोजक विजय सिंह, भाजपा नेता सियाराम भगत समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी स्मृति कुमारी ने कहा कि बूथ सशक्तिकरण ही आने वाले चुनावों में भाजपा की विजय का आधार बनेगा। विजय सिंह ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ काम करें। सीमा कुशवाहा ने कहा कि मजबूत संगठन ही मजबूत सरकार का रास्ता खोलता है, जबकि ममता झा ने संगठन की रीति-नीति के अनुरूप कार्य करने का आह्वान किया।
नगर अध्यक्ष उमेश कुमार गुप्ता ने कहा कि “मेरा बूथ–सबसे मजबूत” का नारा तभी सार्थक होगा जब हर बूथ पर भाजपा की जीत सुनिश्चित की जाए। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ को मजबूत करने का संकल्प लेना होगा।
बैठक में बूथ सशक्तिकरण के सात प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा हुई, जिनमें 25 सदस्यीय टोली के बूथवार आवंटन की समीक्षा, सरल ऐप पर सत्यापन कार्य अपलोड करना, पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति, शक्ति केंद्रों की बैठकें सुनिश्चित करना और व्हाट्सएप समूहों का गठन जैसे विषय शामिल रहे।
इस अवसर पर स्मृति कुमारी ने 25 सदस्यीय टोली की बूथवार सूची भी कार्यकर्ताओं को पढ़कर सुनाई। साथ ही सभी कार्यकर्ताओं से संगठन के हर अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने और आगामी चुनाव में भाजपा का परचम लहराने का आह्वान किया गया।
बैठक में दिलीप पूर्वे, रमन झा, चंचल कुमारी, महेंद्र ठाकुर, संतोष चौधरी, जीवनदीप गुप्ता, प्रकाश मंडल, शुभम कुमार, चंदूदास समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।