



न्यूज डेस्क सुपौल:
जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बीएसएस कॉलेज के पास शनिवार को एक युवक को अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से फौरन एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया। यह घटना न सिर्फ इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर गई है, बल्कि पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रही है।
घायल युवक की पहचान मनीष कुमार के रूप में हुई है, जो पेशे से सुधा डेयरी में कार्य करता है। मनीष रोज की तरह अपने काम से घर लौट रहा था, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही मनीष बीएसएस कॉलेज के समीप पहुंचा, बदमाशों ने उसे निशाना बनाकर गोली चला दी, जो उसकी कमर में जा लगी। गोली लगते ही मनीष मौके पर ही गिर पड़ा।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मनीष को इलाज के लिए नजदीकी निजी क्लिनिक में भर्ती कराया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। सूचना मिलते ही सदर थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि अपराधी कितने की संख्या में थे और घटना के पीछे क्या कारण है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। जल्द ही बदमाशों की गिरफ्तारी का दावा भी किया गया है।
इधर घायल युवक मनीष के चाचा शिवजी साह ने बताया कि वह मजदूरी करते हैं और घटना के समय वे दोपहर का भोजन करने घर जा रहे थे। तभी किसी ने उन्हें सूचना दी कि उनके भतीजे को गोली मार दी गई है। उन्होंने बताया कि मनीष एक मेहनती और सीधे स्वभाव का युवक है, उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। परिवार को समझ नहीं आ रहा है कि यह हमला क्यों और किसने किया। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की छानबीन में जुटी हुई है।