News Desk Patna:
बिहार सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए मंगलवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 47 अधिकारियों को एक साथ प्रोन्नति दे दी। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यह प्रोन्नति 1 जनवरी 2026 या उसके बाद पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी। प्रोन्नत अधिकारियों में 2001, 2013 और 2017 बैच के अधिकारी शामिल हैं।
दो वरिष्ठ IAS उच्च प्रशासनिक ग्रेड में
2001 बैच के दो वरिष्ठ अधिकारियों— कोसी प्रमंडल सहरसा के आयुक्त राजेश कुमार तथा बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के परियोजना निदेशक मयंक वरवड़े— को उच्च प्रशासनिक ग्रेड (लेवल-15) में पदोन्नत किया गया है। दोनों अधिकारी राज्य प्रशासन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभा रहे हैं।
2013 बैच के 27 अधिकारी चयन ग्रेड में पहुँचे
सरकार ने 2013 बैच के कुल 27 अधिकारियों को चयन ग्रेड (विशेष सचिव स्तर/लेवल-13) में प्रोन्नति प्रदान की है। इनमें कई जिलाधिकारी भी शामिल हैं— भागलपुर के DM नवल किशोर चौधरी, मुजफ्फरपुर के DM सुब्रत कुमार सेन, पश्चिम चंपारण के धर्मेंद्र कुमार, बांका के नवदीप शुक्ला, मधुबनी के आनंद शर्मा, जमुई के नवीन, बक्सर के डॉ. विद्या नंद सिंह, कैमूर के सुनील कुमार-1 और गोपालगंज के पवन कुमार सिन्हा। केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के निजी सचिव योगेंद्र सिंह को भी प्रोफॉर्मा प्रोन्नति दी गई है।
2017 बैच के 16 युवा IAS को कनिष्ठ प्रशासनिक ग्रेड
सरकार ने 2017 बैच के कुल 16 अधिकारियों को कनिष्ठ प्रशासनिक ग्रेड (अपर सचिव स्तर/लेवल-12) में प्रोन्नत किया है। इनमें भोजपुर DM तनय सुल्तानिया, मधेपुरा DM तरनजोत सिंह, किशनगंज DM विशाल राज, शेखपुरा DM आरिफ अहसन, शिवहर DM विवेक रंजन मैत्रेय, सहरसा DM दीपेश कुमार सहित कई संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारी शामिल हैं। इन सभी 16 अधिकारियों को शर्त के साथ प्रोन्नति दी गई है कि वे अनिवार्य मध्य सेवाकालीन प्रशिक्षण चरण-III पूरा कर उसका प्रमाणपत्र उपलब्ध कराएँ।






