सुपौल: राघोपुर में खाना बनाते समय कपड़ों में लगी आग से महिला गंभीर रूप से झुलसी, रेफर

Report: A.K Chaudhary

जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत मोतीपुर वार्ड संख्या 8 में गुरुवार को खाना बनाने के दौरान आग लगने से एक 55 वर्षीय महिला शनिचरी देवी गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की तत्परता से आग पर काबू पाया गया और घायल महिला को तत्काल रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया गया।

घायल महिला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला अपने घर में चूल्हे पर खाना बना रही थी। इसी दौरान अचानक उसके कपड़ों में आग लग गई। आग लगते ही महिला ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसके शरीर से आग बुझाई। तब तक महिला गंभीर रूप से झुलस चुकी थी।

ग्रामीणों ने बताया कि महिला घर में अकेली रहती है। उसके परिवार में एक बेटा, बहू और तीन बेटियां हैं। बेटा और बहू बाहर रहते हैं, जबकि तीनों बेटियों की शादी हो चुकी है। घटना के समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। घटना के बाद गांव में चिंता का माहौल है।

रेफरल अस्पताल राघोपुर के डॉक्टर अंजार अहमद ने बताया कि महिला करीब 50 प्रतिशत तक झुलस गई है। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया गया है। फिलहाल उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

Leave a Comment