अनुमंडल प्रशासन फिर कसी अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कमर, फारबिसगंज और जोगबनी में चलेगा डंडा

रिपोर्ट: राहुल पराशर|अररिया

जिले के फारबिसगंज अनुमंडल प्रशासन ने फिर से सड़क को अतिक्रमित करने वाले अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कमर कस ली है। फारबिसगंज और जोगबनी दोनों शहर में अनुमंडल प्रशासन नगर परिषद प्रशासन और पुलिस प्रशासन के सहयोग से अतिक्रमित जमीन को कब्जा मुक्त कराया जायेगा जिसको लेकर फारबिसगंज एसडीओ शैलजा पांडेय की ओर से जोगबनी नप प्रशासन के लिए आदेश पत्र भी जारी कर दिया है। इसी कड़ी में शनिवार को एसडीओ शैलजा पांडेय, एसडीपीओ खुशरू सिराज और थाना पुलिस और नप प्रशासन के साथ फारबिसगंज के सड़क पर उतरी और नप प्रशासन द्वारा जारी अतिक्रमण हटाओ अभियान की पुनः शुरुआत शनिवार से की गई। शहर के अनुमंडलीय अस्पताल, अनुमंडल मुख्यालय जाने वाली मुख्य सड़क अस्पताल रोड़ से अतिक्रमण हटाया गया।

अतिक्रमण हटाओ अभियान का नेतृत्व खुद एसडीओ शैलजा पांडेय कर रही थी। जबकि इस मौके पर डीएसपी खुशरू सिराज, नप के ईओ संदीप कुमार, राजस्व पदाधिकारी हिंदुजा भारती श्री, नप के प्रभारी प्रधान सहायक कुंदन सिंह, थानाध्यक्ष आफ़ताब अहमद, नप के जेई विनोद कुमार, कर संग्रहकर्ता संजय जायसवाल सहित बड़ी संख्या ने नप कर्मी शामिल थे।

प्रशासन द्वारा शुक्रवार को चलाये गये अतिक्रमण हटाओ अभियान से अस्पताल रोड़ के अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने सड़कों के किनारे लगे चिकित्सकों व दुकानों के साइन बोर्ड, बैनर एवं बांस- बल्ले को हटाकर सड़क को अतिक्रमण मुक्त करा दिया। इस दौरान कई अतिक्रमणकारी दुकानदारों से जुर्माना राशि भी वसूल किया गया। वहीं एसडीएम शैलजा पांडेय ने अतिक्रमणकारियों को सोमवार तक का अल्टीमेटम देकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]