अररिया: पार्क सहित नहर और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पिकनिक की रही धूम

रिपोर्ट: राहुल पराशर|अररिया

नव वर्ष के आगमन पर पिकनिक स्पॉटों पर पिकनिक मनाने की धूम रही। विभिन्न पार्कों, खुले मैदान, नहर और अन्य प्राकृतिक स्थानों पर पिकनिक मनाने के लिए सुबह से ही लोगों की भीड़ जमा होनी शुरू हो गई थी। परिवार के सदस्यों के साथ लोग पिकनिक स्पॉट पर जमा हुए और पिकनिक मनाने का लुत्फ लिया। अररिया के कुसियारगाँव स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क में सबसे ज्यादा भीड़ रही। इसके अलावे रानीगंज जैविक उद्यान में भी पिकनिक मनाने की धूम रही। फारबिसगंज के लायंस चिल्ड्रेन पार्क में सुबह से ही बच्चे जमा होकर झूला और अन्य समानों का आनंद लेते रहे। इसके अलावे जानकीनगर ब्रांच कैनाल नहर, अररिया ब्रांच कैनाल नहर के साथ फारबिसगंज हवाई अड्डा के मैदान में परिवार के साथ लोग जमा हुए और नए साल के पहले दिन को सेलिब्रेट किया। पिकनिक स्पॉट पर गानों की धुन के बीच लोगों ने खाना पकाया और सभी मिलकर भोजन का लुत्फ लिए। वहीं कई स्थानों पर बैडमिंटन और अन्य खेल खेलते भी लोग नजर आए। बच्चों ने भी आपस में चंदा की राशि इकट्ठा कर वन भोज किया और जमकर नए साल के पहले दिन का लुत्फ लिया। वहीं सैकड़ों लोग नेपाल के पहाड़ी वादियों की ओर भी सुबह से ही न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए कूच किए और बाहर नया साल को मनाया। नए साल के पहले दिन मटन, चिकन और मछली की बाजार गर्म रही। सुबह से ही खरीददारों की भारी भीड़ देखी गई। वहीं शहर के विभिन्न चौक चौराहों पर देर रात से ही साउंड सिस्टम पर गानों के धुन पर थिरकते नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]