एसएसबी की बड़ी कामयाबी: भारत-नेपाल सीमा पर 106.5 किलोग्राम गांजा जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार

न्यूज डेस्क सुपौल:

एसएसबी 45वीं बटालियन की नरपतपट्टी सीमा चौकी ने भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए 106.5 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में एक तस्कर को मौके से गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई शनिवार देर रात करीब 11:45 बजे की गई।

45वीं बटालियन के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि एसएसबी के अधिकारी व जवान सीमावर्ती क्षेत्र में दिन-रात सतर्कता बरतते हुए तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। इसी सतर्कता के चलते यह बड़ी सफलता मिली।

उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि सीमा स्तंभ संख्या 221 के पास, भारत की सीमा में लगभग 4 किलोमीटर अंदर मादक पदार्थों की तस्करी होने वाली है। इस पर विशेष नाका ड्यूटी दल का गठन कर जवानों को रात 8 बजे भेजा गया। करीब रात 9:30 बजे, गश्ती के दौरान जवानों को झाड़ियों में संदिग्ध हलचल महसूस हुई। जवानों ने सतर्कता दिखाते हुए दबे पांव आगे बढ़कर एक व्यक्ति को भागते हुए धर दबोचा। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान भपटियाही थानाक्षेत्र अंतर्गत गौरीपट्टी निवासी देव चंद सरकार पिता मुन्नीलाल सरदार, उम्र 45 वर्ष के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपी ने गांजा छिपाए जाने की जानकारी दी। मौके से बरामद बोरे की तलाशी लेने पर कुल 106.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। कागजी कार्रवाई के बाद बरामद गांजा व गिरफ्तार आरोपी को भपटियाही थाना को सौंप दिया गया। इस अभियान में मुख्य आरक्षी बबलू कुमार सिंह समेत अन्य जवानों की अहम भूमिका रही।

कमांडेंट गौरव सिंह ने जवानों के इस साहसिक और सतर्क कार्य की सराहना करते हुए कहा कि एसएसबी सीमा पर हर प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों को रोकने के लिए कटिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]