औरंगाबाद में पीके का प्रहार: जनता को लूटने वाले नेताओं को गांव-गांव में दौड़ाकर मारेगी जनता

न्यूज डेस्क औरंगाबाद:

जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर अपनी बिहार बदलाव यात्रा के तहत बुधवार को औरंगाबाद पहुंचे। कुटुंबा प्रखंड के बभंडीह खेल मैदान में आयोजित बिहार बदलाव जनसभा में हजारों की भीड़ उमड़ी। जनसभा में युवाओं और महिलाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। इस मौके पर प्रशांत किशोर ने मौजूदा सरकार और विपक्ष दोनों पर जमकर निशाना साधा।

सभा के बाद पत्रकारों से बातचीत में प्रशांत किशोर ने हाल ही में नीतीश सरकार के मंत्रियों पर हुए हमलों को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि इन हमलों के पीछे जन सुराज का कोई हाथ नहीं है। ये सब जनता का आक्रोश है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा – “आप पांच साल जनता को लूटेंगे, खून चूसेंगे, लाठी चलवायेंगे तो जनता गुस्से में क्या करेगी? यह नेताओं का अपना कुकर्म है। इसका जन सुराज से कोई लेना-देना नहीं है।”

पीके ने आगे कहा कि वे महीनों से कहते आ रहे हैं कि चुनाव के समय असली हिसाब होगा। “जिन लोगों ने बिहार के बच्चों को गाली दी है, उन पर लाठी चलवाया है, गांव-गांव को लूटा है – जब ये लोग वोट मांगने जाएंगे तो जनता इन्हें दौड़ाकर मारेगी। ठीक वैसे ही जैसे इनके बच्चों को पटना की सड़कों पर दौड़ाया गया था।”

राहुल-मोदी पर बयान

इंडी गठबंधन के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली दिए जाने पर भी पीके ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा – “जो गाली दे रहे हैं वो जानें और जिनको गाली दी जा रही है वो जानें। राहुल गांधी मोदी को गाली दें, मोदी राहुल को गाली दें – ये उनकी लड़ाई है। लेकिन सवाल यह है कि बिहार के बच्चों को जो गाली दी गई उसका इंसाफ कब होगा? जो बच्चों को मारा गया उसकी जवाबदेही कौन लेगा? हम मोदी-राहुल की लड़ाई में नहीं पड़ना चाहते, हम बिहार के बच्चों की लड़ाई लड़ रहे हैं।”

बाहरी नेताओं के आने पर तीखा प्रहार

बिहार में चल रही वोटर अधिकार यात्रा में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की भागीदारी पर भी प्रशांत किशोर ने सवाल उठाया। उन्होंने कहा – “जिनके राज्य में बिहार के बच्चों को गाली दी गई, अपमानित किया गया, मारा-पीटा गया – वही नेता अब बिहार आकर वोट मांग रहे हैं। यह बिहारियों का अपमान है। बिहार के युवाओं को ऐसे नेताओं का पूरी तरह बहिष्कार करना चाहिए।”

भीड़ में गूंजा बदलाव का नारा

प्रशांत किशोर की जनसभा में बार-बार “बदलाव” और “जन सुराज” के नारे गूंजते रहे। उन्होंने कहा कि बिहार की असली ताकत गांव के युवाओं और महिलाओं में है और यही लोग बदलाव की सबसे बड़ी ताकत बनेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]