काराकाट में प्रशांत किशोर की जनसभा, चुनाव लड़ने को लेकर दिया बड़ा बयान

News Desk Rohtas:

जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर अपनी बिहार बदलाव यात्रा के क्रम में मंगलवार को रोहतास जिले के काराकाट विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत गोरारी स्टेडियम पहुंचे। यहां उन्होंने एक भव्य ‘बिहार बदलाव जनसभा’ को संबोधित किया। सभा में बड़ी संख्या में लोग जुटे और प्रशांत किशोर के संबोधन के दौरान उत्साह देखने को मिला।

जनसभा के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए प्रशांत किशोर ने विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर चल रही चर्चाओं पर अपनी बात स्पष्ट की। उन्होंने कहा, “अभी तक मैंने चुनाव लड़ने की कोई घोषणा नहीं की है। यदि पार्टी चाहेगी कि हम चुनाव मैदान में उतरें, तो मेरा मानना है कि या तो जन्मभूमि से चुनाव लड़ना चाहिए या फिर कर्मभूमि से। इस नाते यदि परिस्थिति बनी, तो या तो अपनी जन्मभूमि रोहतास के करगहर से लड़ेंगे या फिर बिहार की कर्मभूमि राघोपुर से।”

प्रशांत किशोर ने इस दौरान एनडीए की महिला नेताओं द्वारा 4 सितम्बर को बुलाए गए बिहार बंद पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा, “यह नेताओं का बंद है, जनता का नहीं। जन सुराज की यात्रा कल भी जारी रहेगी और दो-दो जनसभाएं होंगी। इनमें पहले की ही तरह 20-20 हजार लोग शामिल होंगे। बिहार का युवा बदलाव के लिए तैयार है।”

भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, “संजय जायसवाल जैसे टुटपुंजिये नेताओं का जब दुर्दिन आता है, तब वे हम जैसे लोगों से उलझते हैं। अब जल्द ही उनका किश्त जारी करेंगे, तो सब कुछ तार-तार कर देंगे।”

वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल को लेकर भी उन्होंने तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “अभी तक वो मूर्छित थे। अब मूर्छा से उठ गए हों तो रोते-रोते ही सही, यह बता दें कि किशनगंज का कॉलेज कब्जा किए थे या नहीं।”

इस दौरान जनसभा में प्रशांत किशोर ने लोगों से अपील की कि वे जाति और धर्म से ऊपर उठकर बिहार के भविष्य के लिए सोचे और बदलाव की इस मुहिम में शामिल हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]