कोसी नदी में स्नान के दौरान किशोरी डूबी, गोताखोरों की मदद से सघन तलाश जारी

न्यूज डेस्क सुपौल:

सुपौल सदर थाना क्षेत्र के बसबिट्टी वार्ड संख्या-4 में सोमवार को कोसी नदी में स्नान करने गई एक 13 वर्षीय किशोरी कोमल कुमारी डूबकर लापता हो गई। कोमल बसबिट्टी निवासी विनोद मंडल की पुत्री थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोमल हर रविवार और सोमवार को तिलहेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए कोसी नदी से जल भरने जाया करती थी। सोमवार की सुबह भी वह अन्य बच्चों के साथ स्नान करने पहुंची, लेकिन गहरे पानी में जाने के कारण डूब गई। साथ गए बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

घटना की सूचना पर सदर थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से सघन तलाशी अभियान शुरू कराया। समाचार लिखे जाने तक किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से एसडीआरएफ टीम की तैनाती की मांग की है ताकि तलाश में तेजी लाई जा सके। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया है कि बच्ची की बरामदगी के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]