डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को 24 घंटे में जान से मारने की धमकी, पुलिस ने शुरू की जांच

न्यूज डेस्क पटना:

बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाश ने रविवार को डिप्टी सीएम के एक करीबी कार्यकर्ता को मोबाइल पर मैसेज भेजा, जिसमें लिखा था— “हैलो सर, 24 घंटे के अंदर सम्राट चौधरी को गोली मार दूंगा… सच बोल रहा हूं।” इस धमकी भरे मैसेज से हड़कंप मच गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही कार्यकर्ता ने इसकी शिकायत पुलिस से की। हालांकि पटना पुलिस का कहना है कि उन्हें इस बाबत कोई प्रत्यक्ष सूचना नहीं मिली है, लेकिन तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। संबंधित मोबाइल नंबर को ट्रेस करने की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस का कहना है कि जैसे ही शिकायत औपचारिक रूप से दर्ज की जाएगी, प्राथमिकी दर्ज कर सघन जांच शुरू की जाएगी। सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को गंभीरता से ले रही हैं क्योंकि यह किसी सामान्य व्यक्ति नहीं, बल्कि राज्य के उपमुख्यमंत्री से जुड़ा मामला है।

गौरतलब है कि यह कोई पहली घटना नहीं है जब बिहार के किसी बड़े नेता को इस तरह की धमकी दी गई हो। इससे कुछ दिन पहले केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान को भी सोशल मीडिया के जरिए जान से मारने की धमकी दी गई थी। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा को भी इसी तरह की धमकी मिली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]