बिहार के तीन जिलों में आज गरजेंगे अमित शाह: पूर्णिया, कटिहार के बाद सुपौल के सिमराही में करेंगे भव्य जनसभा, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

News Desk Patna:

बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार जोर पकड़ चुका है। इसी क्रम में देश के गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को बिहार के तीन जिलों—पूर्णिया, कटिहार और सुपौल—में एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।

कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह की पहली सभा पूर्णिया जिले के बनमनखी स्थित गोरेलाल मेहता कॉलेज मैदान में होगी। इसके बाद वे कटिहार जिले के कोढ़ा स्थित ट्रेनिंग कॉलेज मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। अपने दिनभर के चुनावी दौरे का समापन वे सुपौल जिले के सिमराही में करेंगे, जहां लखीचंद साहू उच्च विद्यालय के मैदान में एक विशाल सभा का आयोजन किया गया है।

सुपौल के राघोपुर प्रखंड के सिमराही में होने वाली इस सभा को लेकर एनडीए कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। सुबह से ही मंच और पंडाल की सजावट, ध्वनि व्यवस्था, और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सभा में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक जुटने वाले हैं।

गृह मंत्री अमित शाह का हेलीकॉप्टर राघोपुर प्रखंड के गणपतगंज स्थित हाई स्कूल मैदान में लैंड करेगा, जहां से वे सड़क मार्ग से NH-106 होते हुए सिमराही सभा स्थल तक पहुंचेंगे। पूरे मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।

अमित शाह के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सुपौल के डीएम और एसपी स्वयं सुरक्षा एवं तैयारियों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। सभा स्थल के चारों ओर बैरिकेडिंग, पार्किंग, और वीआईपी मार्ग को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं।

सुरक्षा एजेंसियों ने भी इलाके की निगरानी तेज कर दी है। ड्रोन से निगरानी के साथ-साथ भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं।

प्रशासन का कहना है कि “गृह मंत्री का कार्यक्रम शांतिपूर्वक और सुरक्षित माहौल में सम्पन्न हो, इसके लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गई है।”

सुपौल की इस सभा में अमित शाह जनता से एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में वोट देने की अपील करेंगे और केंद्र व राज्य की “डबल इंजन की सरकार” की उपलब्धियों को जनता के बीच रखेंगे। भाजपा और जदयू कार्यकर्ताओं का मानना है कि शाह की यह सभा चुनावी समीकरणों को नई दिशा दे सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]