बिहार चुनाव 2025: आज कई दिग्गज नेता करेंगे नामांकन, योगी-नीतीश-पवन कल्याण रहेंगे मौजूद

News Desk Patna:

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर नामांकन प्रक्रिया जारी है। गुरुवार को सियासी हलचल तेज रहेगी, क्योंकि आज कई दिग्गज नेता अपने-अपने प्रत्याशियों के नामांकन में शामिल होंगे।

आरजेडी से अलग होकर नई पार्टी बनाने वाले तेज प्रताप यादव आज महुआ विधानसभा सीट से नामांकन करेंगे। वहीं, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी मुंगेर की तारापुर सीट से और जेडीयू के मंत्री विजय कुमार चौधरी समस्तीपुर की सरायरंजन सीट से नामांकन करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी मौजूद रहेंगे।

पटना की दानापुर सीट से बीजेपी के वरिष्ठ नेता रामकृपाल यादव नामांकन करेंगे, जहां उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनके साथ रहेंगे। योगी आदित्यनाथ सहरसा में बीजेपी उम्मीदवार डॉ. आलोक रंजन के नामांकन में भी शामिल होंगे।

इसके अलावा, बांकीपुर सीट पर मंत्री नितिन नवीन, छातापुर (सुपौल) में नीरज कुमार सिंह और कुम्हरार से संजय गुप्ता नामांकन करेंगे। इनके समर्थन में क्रमशः अनुराग ठाकुर, आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण, और अन्य शीर्ष भाजपा नेता मौजूद रहेंगे।

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, साथ ही दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी भी बिहार के विभिन्न जिलों में पार्टी उम्मीदवारों के नामांकन में भाग लेंगे।

गौरतलब है कि भाजपा ने एनडीए गठबंधन के तहत 101 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। भाजपा और जेडीयू 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, जबकि चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) को 29 सीटें मिली हैं। वहीं जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टियों को 6-6 सीटें दी गई हैं। 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा के लिए मतदान 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]