सुपौल: बिहार बदलाव यात्रा में छातापुर पहुंचे प्रशांत किशोर का बड़ा ऐलान, कहा दिसंबर से बुजुर्गों को ₹2000 पेंशन, बच्चों की निजी स्कूल फीस सरकार देगी

न्यूज डेस्क सुपौल:

जन सुराज यात्रा के तहत सुपौल पहुंचे प्रशांत किशोर ने सोमवार को छातापुर प्रखंड के महदीपुर मेला मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए बिहार के लिए कई बड़े घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष छठ पूजा के बाद बिहार में ही युवाओं के लिए रोजगार और बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की व्यवस्था शुरू की जाएगी।

प्रशांत किशोर ने जनसभा में स्पष्ट तौर पर कहा कि दिसंबर 2025 से 60 वर्ष से अधिक उम्र के हर महिला-पुरुष को ₹2000 की मासिक पेंशन दी जाएगी। साथ ही, उन्होंने ऐलान किया कि जब तक सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुधार नहीं होता, तब तक 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को निजी स्कूलों में मुफ्त शिक्षा दी जाएगी, जिसकी फीस राज्य सरकार वहन करेगी। सभा में जन सुराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने लोगों से अपील की कि अब जाति-धर्म के नाम पर वोट न देकर, बच्चों के भविष्य और राज्य के विकास को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा, “नेताओं का चेहरा नहीं, अब अपने बच्चों की शिक्षा और रोजगार को देखकर वोट करें।”

प्रशांत किशोर ने अपने भाषण में केंद्र और राज्य सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार के लोगों ने अब तक मंदिर और जाति के नाम पर वोट दिया है, लेकिन कभी अपने बच्चों के लिए वोट नहीं किया। “आपके वोट से पीएम मोदी गुजरात में फैक्ट्रियां लगवा रहे हैं और आपके बच्चे वहां मजदूरी कर रहे हैं,” उन्होंने कहा।

उन्होंने आगे जोड़ा, “यदि चुनाव के बाद हम सरकार में आते हैं और आपके बच्चों को बिहार में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार नहीं मिलता, तो आकर मेरा गला पकड़ लेना।”

सभा में जन सुराज के चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष और पूर्व विधायक किशोर कुमार ने भी जनता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अब बिहार के लोग लालू-नीतीश जैसे पुराने विकल्पों से ऊब चुके हैं और इस बार जन सुराज के रूप में एक ईमानदार और मजबूत विकल्प उनके सामने है। उन्होंने कहा, “जन सुराज किसी एक व्यक्ति की पार्टी नहीं, बल्कि बिहार में बदलाव चाहने वाले करोड़ों लोगों की आवाज है।”

इससे पहले, प्रशांत किशोर का सुपौल जिले के जदिया से छातापुर तक जगह-जगह नागरिक अभिनंदन हुआ। ढोल-नगाड़े और फूल-मालाओं के साथ कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]