बिहार विधानसभा चुनाव 2025: डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने तारापुर से किया नामांकन, कहा – NDA सरकार ने बिहार को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया

News Desk Munger:

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नामांकन प्रक्रिया के बीच गुरुवार को राज्य के उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी ने मुंगेर जिले की तारापुर विधानसभा सीट से पार्टी उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान उन्होंने जनसैलाब की मौजूदगी में समर्थकों का अभिवादन स्वीकार किया और कहा कि “राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार ने बिहार को विकास, सुशासन और समृद्धि के रास्ते पर मजबूती से अग्रसर किया है।”

सम्राट चौधरी इस बार 15 वर्षों के अंतराल के बाद विधानसभा चुनावी मैदान में उतर रहे हैं। वे वर्तमान में विधान परिषद के सदस्य हैं और वर्ष 2010 में परबत्ता सीट से राजद के टिकट पर विधायक रह चुके हैं। बीजेपी ने इस बार उन्हें तारापुर से उम्मीदवार बनाकर एनडीए की ओर से एक मजबूत दावेदारी पेश की है।

नामांकन के बाद आयोजित जनसभा में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि तारापुर की जनता ने हमेशा मुझे स्नेह और आशीर्वाद दिया है। इस बार मैं जनता के सहयोग से क्षेत्र के अधूरे कार्यों को पूरा करूँगा। बिहार के विकास का जो सफर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में शुरू हुआ है, उसे अब गति देना हमारा संकल्प है।

उन्होंने आगे कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार जैसे हर क्षेत्र में बिहार ने ऐतिहासिक प्रगति की है। राज्य का बजट अब 3.17 लाख करोड़ रुपये का हो गया है, जो विकास की निरंतर बढ़ती गति का प्रतीक है।

मीडिया से बातचीत में सम्राट चौधरी ने विपक्ष पर भी निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि महागठबंधन, विशेष रूप से राजद के नेतृत्व वाला गठबंधन, हमेशा बिहार को पीछे ले जाने का काम करता रहा है। एनडीए सरकार ने भ्रष्टाचार, जातिवाद और परिवारवाद से ऊपर उठकर जनता के हित में काम किया है।

नामांकन कार्यक्रम के दौरान भारी संख्या में बीजेपी और एनडीए कार्यकर्ता मौजूद रहे। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम प्रशासन की ओर से किए गए थे। नामांकन स्थल पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे।

तारापुर सीट पर इस बार मुकाबला त्रिकोणीय माना जा रहा है, जहां एनडीए, महागठबंधन और तीसरे मोर्चे के उम्मीदवारों के बीच कड़ी टक्कर की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]