बिहार विधानसभा चुनाव 2025 : बीजेपी ने जारी की स्टार प्रचारकों की पहली सूची, पीएम मोदी से लेकर योगी तक 40 नाम शामिल

News Desk Patna:

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को पार्टी ने अपने पहले चरण के लिए स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी। इस सूची में राष्ट्रीय नेतृत्व से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक के बड़े नाम शामिल हैं।

जारी सूची के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार भी बीजेपी के प्रमुख प्रचारक होंगे। उनके साथ गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, धर्मेंद्र प्रधान, गिरिराज सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जैसे दिग्गज नेताओं को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है।

इसके अलावा, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, केशव प्रसाद मौर्य, सी.आर. पाटिल, अश्विनी चौबे, नंदकिशोर यादव, राजीव प्रताप रूडी, संजय जयसवाल, सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, रेणु देवी, प्रेम कुमार, नित्यानंद राय, राधा मोहन सिंह, साध्वी निरंजन ज्योति, सतीश चंद्र दुबे, राज भूषण चौधरी, विनोद तावड़े, बाबूलाल मरांडी, प्रदीप कुमार सिंह, गोपाल जी ठाकुर और जनक राम के नाम भी शामिल किए गए हैं।

दिलचस्प बात यह है कि बीजेपी ने इस बार भोजपुरी स्टार्स को भी स्टार प्रचारक की सूची में शामिल किया है। पवन सिंह, मनोज तिवारी, रवि किशन और दिनेश लाल यादव “निरहुआ” बिहार की चुनावी हवा को अपने अंदाज में गर्माएंगे। भोजपुरी सिनेमा की इन बड़ी हस्तियों के शामिल होने से पार्टी को उम्मीद है कि सीमांचल और कोसी क्षेत्र में जनता के बीच प्रभावी संदेश पहुंचेगा।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इन सभी स्टार प्रचारकों का कार्यक्रम चुनाव आयोग की अनुमति के बाद तय किया जाएगा। पहले चरण में जिन सीटों पर मतदान होना है, वहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की संयुक्त रैलियों की तैयारी चल रही है।

बीजेपी नेताओं का कहना है कि इस बार प्रचार अभियान को पूरी तरह “विकास, सुशासन और स्थिरता” के मुद्दों पर केंद्रित किया जाएगा। पार्टी का फोकस पिछली सरकार की उपलब्धियों और केंद्र की योजनाओं को जनता तक पहुँचाने पर रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]