भारत-नेपाल सीमा पर “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत एसएसबी की भव्य साइकिल रैली

न्यूज डेस्क सुपौल:

सुपौल जिले के वीरपुर में स्थित 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने शुक्रवार को “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया। आज़ादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में भारत सरकार के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारत-नेपाल सीमा से सटे इलाकों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़ाना था।

रैली का नेतृत्व 45वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी जगदीश कुमार शर्मा ने किया। इसमें बड़ी संख्या में एसएसबी अधिकारी और जवान शामिल हुए। वीरपुर कैंप परिसर से शुरू हुई यह रैली सीमा क्षेत्र के विभिन्न गांवों, बाज़ारों और मुख्य मार्गों से गुजरते हुए लोगों को देशभक्ति का संदेश देती रही।

जवान हाथों में तिरंगा लिए और देशभक्ति के नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे, जिससे पूरे इलाके में उत्साह और गर्व का माहौल बन गया। रास्ते में ग्रामीण, दुकानदार और छात्र-छात्राएं सड़क किनारे खड़े होकर रैली का स्वागत और जवानों का उत्साहवर्धन करते रहे।

द्वितीय कमान अधिकारी जगदीश कुमार शर्मा ने बताया कि “हर घर तिरंगा” अभियान का उद्देश्य केवल झंडा फहराना नहीं, बल्कि नागरिकों में देशप्रेम, एकजुटता और जिम्मेदारी की भावना को जगाना है। उन्होंने कहा कि एसएसबी सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक और जन-जागरूकता कार्यक्रमों में भी सक्रिय भूमिका निभाती है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने तिरंगे के सम्मान और राष्ट्र की एकता-अखंडता बनाए रखने की शपथ ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]