मुजफ्फरपुर में राहुल गांधी की गर्जना, कहा — बिहार के युवाओं को नहीं मिल रहा अवसर, नीतीश का रिमोट कंट्रोल बीजेपी के हाथ में

News Desk Muzaffarpur:

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच आज कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मुजफ्फरपुर में तेजस्वी यादव के साथ एक संयुक्त चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार दोनों पर तीखा हमला बोला और कहा कि “बिहार के युवा निराश हैं, यहां के युवाओं को अपने ही राज्य में अवसर नहीं मिलते।”

राहुल गांधी ने कहा कि वे जहां भी देश में जाते हैं, वहां बड़ी संख्या में बिहार के युवा काम करते हुए मिलते हैं, लेकिन बिहार में उन्हें अपने भविष्य की कोई गारंटी नहीं दिखती। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सीधे निशाना साधते हुए कहा नीतीश कुमार पिछले 20 सालों से सत्ता में हैं, लेकिन उन्होंने बिहार के युवाओं के लिए कुछ नहीं किया। न शिक्षा में सुधार हुआ, न स्वास्थ्य व्यवस्था में, और न ही रोजगार के अवसर बढ़े।

राहुल गांधी ने नीतीश कुमार को “बीजेपी का रिमोट कंट्रोल” बताया। उन्होंने कहा कि “नीतीश जी के चेहरे का इस्तेमाल सिर्फ दिखावे के लिए किया जा रहा है, असली रिमोट कंट्रोल भाजपा के हाथ में है।”

तेजस्वी यादव की सराहना करते हुए राहुल ने कहा कि वे बिहार को आगे ले जाना चाहते हैं, जबकि नीतीश कुमार और भाजपा की जोड़ी बिहार को पीछे खींच रही है। उन्होंने कहा कि “तेजस्वी बिहार के युवाओं के लिए रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य की बात करते हैं, जबकि नीतीश और भाजपा सिर्फ सत्ता की राजनीति में उलझे हैं।”

जातिगत जनगणना के मुद्दे पर भी राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा मैंने लोकसभा में प्रधानमंत्री से कहा था कि जातिगत जनगणना कराइए, लेकिन उन्होंने एक शब्द तक नहीं बोला। भाजपा सामाजिक न्याय के खिलाफ है, वे नहीं चाहते कि पिछड़े वर्गों को उनका हक मिले।

राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर “ड्रामा करने” का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि छठ पूजा के अवसर पर दिल्ली में प्रधानमंत्री के लिए यमुना किनारे एक साफ पानी का कृत्रिम तालाब बनवाया गया था। यमुना में गंदा पानी था, कोई नहा ले या पी ले तो बीमार पड़ जाए, लेकिन मोदी जी को दिखावा करना था, इसलिए पाइप से साफ पानी भरवाया गया — ताकि कैमरे पर अच्छा दिखे,” राहुल ने कहा।

सभा में राहुल गांधी के साथ मंच साझा कर रहे तेजस्वी यादव ने भी नीतीश कुमार पर हमला बोला और कहा कि “अब बिहार को नए नेतृत्व की जरूरत है, जो युवाओं को रोजगार दे और प्रदेश को पलायन से मुक्त करे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]