योगी आदित्यनाथ ने सहरसा में भरी हुंकार, कहा- ‘लालू ने परिवार का, मोदी ने देश का विकास किया’

News Desk Saharsa:

बिहार विधानसभा चुनाव अभियान के तहत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को सहरसा पहुंचे, जहाँ उन्होंने शहर के ऐतिहासिक पटेल मैदान में एनडीए प्रत्याशी डॉ. आलोक रंजन की नामांकन रैली में हिस्सा लिया। भारी जनसमूह को संबोधित करते हुए योगी ने राजद और कांग्रेस पर तीखे हमले किए और कहा कि ये दल सिर्फ अपने परिवार और सत्ता के लिए राजनीति करते हैं, जबकि एनडीए विकास और सुशासन के एजेंडे पर काम कर रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण की शुरुआत बिहार की जनता को प्रणाम करते हुए की और कहा कि “बिहार की पावन भूमि से ही देश को दिशा मिलती है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत नई ऊँचाइयों को छू रहा है।” उन्होंने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि “लालू यादव के शासनकाल में बिहार का विकास ठप रहा, उन्होंने केवल अपने परिवार को आगे बढ़ाने का काम किया। जहाँ लालू यादव के लिए राबड़ी देवी और उनका परिवार ही सबकुछ है, वहीं प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि ‘140 करोड़ भारतीय मेरा परिवार हैं।’ यही सोच का फर्क है — एक तरफ परिवारवाद, दूसरी तरफ राष्ट्रवाद।”

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि एनडीए सरकार ने पूरे देश में विकास की गंगा बहाई है। उन्होंने कहा, “पिछले दो दशकों में नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास की नई ऊँचाइयाँ हासिल की हैं। आज हर जिले में सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योग के क्षेत्र में काम हुआ है। बिहार के कई जिलों में इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेज खुल चुके हैं। रेलवे नेटवर्क का तेजी से विस्तार हुआ है और अब बिहार मेट्रो सेवा के युग में प्रवेश कर चुका है।”

उन्होंने कांग्रेस और राजद पर फर्जी मतदान को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि “ये लोग बुर्के की आड़ में फर्जी वोटिंग की साजिश रच रहे हैं। उन्हें बुर्का इसलिए चाहिए ताकि फर्जी वोटर उसकी आड़ में गरीबों और दलितों के अधिकार छीन सकें। जब तीर्थ यात्रा पर जाते हैं तो पासपोर्ट पर चेहरा दिखाते हैं, लेकिन वोट देने के वक्त बुर्के का सहारा लेते हैं। ये बिहार की जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जनता सब जानती है और अब इनके झांसे में आने वाली नहीं है।”

सभा के दौरान योगी आदित्यनाथ ने सहरसा जिले की सभी चार विधानसभा सीटों से एनडीए प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा, “सहरसा की जनता डॉ. आलोक रंजन को जिताए, सोनवर्षा राज से रत्नेश सादा, सिमरी बख्तियारपुर से संजय कुमार सिंह और महिषी से गुंजेश्वर साह को भारी मतों से विजय बनाएं। एनडीए सरकार ही बिहार के विकास की गारंटी है।”

सभा स्थल पर एनडीए समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी रही। मंच पर सहरसा के अलावा जिले की चारों विधानसभा सीटों से एनडीए उम्मीदवार मौजूद रहे। पूरा मैदान ‘जय श्री राम’, ‘भारत माता की जय’ और ‘योगी-Modi जिंदाबाद’ के नारों से गूंजता रहा।

इस दौरान मंच पर भाजपा और जदयू के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता एवं स्थानीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। रैली के बाद योगी आदित्यनाथ ने मीडिया से बातचीत में कहा कि “बिहार की जनता अब जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति को नकार चुकी है। आने वाले चुनाव में बिहार फिर से एनडीए की सरकार बनाएगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]